पुणे में स्थापित होगा ‘अभिजात मराठी भाषा अध्ययन उत्कृष्टता केंद्र’, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जताई खुशी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किया आभार

मुंबई। मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा मिलने के बाद अब पुणे स्थित डेक्कन कॉलेज स्नातकोत्तर एवं अनुसंधान संस्थान में ‘अभिजात मराठी भाषा अध्ययन उत्कृष्टता केंद्र’ (Centre of Excellence for Studies in Classical Marathi) स्थापित करने को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसकी जानकारी देते हुए इसे महाराष्ट्र सहित देश और दुनिया भर के मराठी भाषियों के लिए खुशी और गर्व का अवसर बताया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, “लाभले आम्हास भाग्य, बोलतो मराठी…” मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा देने के केंद्र सरकार के निर्णय के बाद राज्य सरकार इस अध्ययन उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना के लिए लगातार केंद्र सरकार के समक्ष प्रयास कर रही थी। अब केंद्र सरकार ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है।मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार ने इस केंद्र के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम पहले ही शुरू कर दिया था। केंद्र की स्थापना को मंजूरी मिलने के बाद डीपीआर केंद्र सरकार को प्रस्तुत कर आवश्यक निधि प्राप्त करने का मार्ग भी प्रशस्त होगा। फडणवीस ने कहा कि अभिजात मराठी भाषा दिवस की पूर्व संध्या पर यह निर्णय महाराष्ट्र के नागरिकों के लिए विशेष खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, देश और दुनियाभर में रहने वाले मराठी भाषियों के लिए यह समाचार अत्यंत आनंद और गौरव का है।मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मराठी भाषा के अध्ययन, अनुसंधान और उसके अभिजात साहित्यिक-सांस्कृतिक वैभव के संरक्षण की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल होगी।#मराठी #Marathi #ClassicalMarathi #DevendraFadnavis #NarendraModi #Maharashtra #Pune #DeccanCollege

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *