सूखे की मार झेल रहे किसानों के बीच पहुंचे राज्यपाल, खेतों का किया निरीक्षण

लातूर के आनंदवाड़ी और नायगांव में किसानों-मजदूरों से किया संवाद, बोले- संकट की घड़ी में सरकार आपके साथ, सामूहिक प्रयासों से मिलेगी राहत

लातूर। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने लातूर जिले के चाकूर तालुका स्थित आनंदवाड़ी में केले की फसल और नायगांव में वीबी-जी रामजी योजना के तहत चल रहे पांदण सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों और मजदूरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। गुरुवार को राज्यपाल ने फसलों के नुकसान, पानी की कमी, पशुओं के चारे और रोजगार से जुड़े मुद्दों की जानकारी भी ली। इस अवसर पर राज्यपाल ने जलतारा अभियान का उद्घाटन किया। उन्होंने सूखे की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार संकट से निपटने के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही है। सूखा राहत के लिए तत्काल और दीर्घकालीन उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से भी इन प्रयासों में भागीदारी करने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि सरकार और समाज मिलकर काम करेंगे तो इस संकट से बाहर निकलने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ खड़ी है। राज्यपाल के दौरे के दौरान पालकमंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने बताया कि लातूर जिले में खरीफ मौसम के दौरान सोयाबीन का सबसे अधिक उत्पादन होता है, लेकिन इस वर्ष अपर्याप्त बारिश के कारण फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। किसानों के सामने पेयजल के साथ पशुओं के चारे की समस्या भी खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को अधिक से अधिक सहायता और फसल बीमा का मुआवजा दिलाने के लिए कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार किसानों को संकट से बाहर निकालने के लिए प्रयासरत हैं। इस अवसर पर राज्यपाल के हाथों विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति आदेश, प्रमाणपत्र और प्रत्यक्ष लाभ वितरित किए गए। इनमें वीबी-जी रामजी योजना के लाभ, चारा उत्पादन के लिए जिला वार्षिक योजना के तहत बीज वितरण, ट्रैक्टर और कड़बा कुट्टी मशीन का वितरण तथा श्रावणबाल पेंशन योजना के स्वीकृति पत्र शामिल रहे। इसके अलावा अवैध साहूकारों के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन का सातबारा दस्तावेज भी संबंधित लाभार्थी को सौंपा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *