गोलीबार सब्जी मार्केट में ट्रैफिक जाम से राहगीर परेशान

सड़क पर कब्जा, शेयरिंग रिक्शा चालकों की मनमानी, जाम के दौरान निर्मल नगर पुलिस की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल

मुंबई। सांताक्रुज पूर्व स्थित गोलीबार सब्जी मार्केट के आसपास ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। अवैध पार्किंग, सड़क पर फेरीवालों के अतिक्रमण और शेयरिंग रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार शाम को बाजार के पास लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। शाम के समय बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ रहती है, ऐसे में सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहन और फेरीवालों का कब्जा यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। हैरानी की बात यह रही कि जाम के दौरान मौके पर निर्मल नगर पुलिस स्टेशन का कोई अधिकारी या कर्मचारी नजर नहीं आया। व्यस्त बाजार क्षेत्र में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की मौजूदगी बेहद जरूरी है। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं सड़क पर अवैध पार्किंग, फेरीवालों द्वारा रास्ता घेरने और शेयरिंग रिक्शा चालकों की मनमानी से ट्रैफिक पुलिस तथा निर्मल नगर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि गोलीबार सब्जी मार्केट के आसपास नियमित पुलिस गश्त और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की जाए। अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करने के साथ सड़क पर अतिक्रमण करने वाले फेरीवालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले रिक्शा चालकों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि आम नागरिकों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *