सरकारी स्कूलों में निजी स्कूलों से बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलें: शिवराज सिंह चौहान
रेहटी में 28 करोड़ की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण, शिक्षकों से पढ़ाई का स्तर सुधारने की अपील

सीहोर, मध्य प्रदेश। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सीहोर जिले के रेहटी में करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी सरकारी स्कूलों में निजी स्कूलों से बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलनी चाहिए। केवल भव्य भवन बनाने से शिक्षा की गुणवत्ता नहीं सुधरेगी, बल्कि पढ़ाई का स्तर भी बेहतर करना होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाने के उद्देश्य से सीएम राइज स्कूलों की परिकल्पना की थी, जिन्हें अब सांदीपनि विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन विद्यालयों में प्रयोगशाला, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास रूम, खेल मैदान और संगीत-नृत्य जैसी गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। उनका सपना है कि आसपास के गांवों के बच्चे भी स्कूल बसों से इन विद्यालयों तक पहुंचें और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें। उन्होंने शिक्षकों से पूरी लगन और समर्पण के साथ पढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा मिले, जिससे वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर सकें और देश-दुनिया में क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों की महंगी फीस हर परिवार के लिए वहन करना संभव नहीं है, इसलिए सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान चौहान ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें खूब पढ़ने, मेहनत करने और माता-पिता का नाम रोशन करने की सीख दी। साथ ही उन्होंने रेहटी को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि नशा नाश की जड़ है। बच्चों को स्वयं नशे से दूर रहना चाहिए और परिवार में कोई इसकी गिरफ्त में हो तो उसे इसके नुकसान समझाने चाहिए। उन्होंने बेटियों के सम्मान, अच्छी शिक्षा और गलत गतिविधियों से दूर रहने का संदेश भी दिया। चौहान ने कहा कि जनता की सेवा उनके लिए भगवान की पूजा के समान है और दूसरों की मदद करने से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
