‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान को लेकर गंजमुरादाबाद नगर पंचायत ने बनाई कार्ययोजना

वार्डों में चलेगा विशेष सफाई अभियान, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण पर जोर; अध्यक्ष रूबी ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। नगर को साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाने तथा लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय गंजमुरादाबाद में विशेष बैठक आयोजित की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रूबी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में नगर के विभिन्न वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष रूबी ने कहा कि नगर को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। इस दौरान मौजूद सभासदों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों को सामूहिक स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने आसपास सफाई रखने, पॉलीथिन के इस्तेमाल से बचने और कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालने का संकल्प लिया। बैठक में विभिन्न वार्डों के सभासद, नगर के गणमान्य नागरिक और नगर पंचायत कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने गंजमुरादाबाद को स्वच्छता के मामले में जनपद का आदर्श नगर बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के अंत में नगर पंचायत अध्यक्ष रूबी ने नागरिकों से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *