गणेशोत्सव मंडल महिलाओं-बच्चों तक पहुंचाएं सरकारी योजनाओं की जानकारी: मंत्री अदिति तटकरे

‘लोकसंवाद 2026’ के जरिए नागरिकों को दी गई ‘लेक लाडकी’, महिला छात्रावास, कौशल विकास और रोजगार सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी

मुंबई। महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों से महिलाओं और बच्चों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव जैसे बड़े सार्वजनिक आयोजनों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी बड़ी संख्या में नागरिकों तक आसानी से पहुंचाई जा सकती है। सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशालय की ओर से चलाए जा रहे ‘लोकसंवाद 2026’ अभियान के तहत अखिल खोताची वाडी सार्वजनिक गणेश मंडल के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में तटकरे ने यह बात कही। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास के साथ कौशल विकास एवं रोजगार तथा सामाजिक न्याय विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों को दी गई। तटकरे ने बताया कि बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए ‘लेक लाडकी’ योजना चलाई जा रही है। ‘पोषण माह’ के माध्यम से बच्चों और माताओं के पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा रही है। अनाथ बच्चों के लिए बालगृह, कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास तथा उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राओं के लिए योग्यता के आधार पर मुंबई और उपनगरों के छात्रावासों में प्रवेश जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार और छोटे उद्योग शुरू करने में सहायता के लिए महिला आर्थिक विकास महामंडल कार्य कर रहा है। महिलाओं को कानूनी सहायता और सुरक्षा के लिए राज्य महिला आयोग, जबकि बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग कार्यरत है। एकीकृत बाल विकास सेवा योजना के माध्यम से बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य, पोषण तथा शिक्षा पर भी काम किया जा रहा है। तटकरे ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, सामाजिक न्याय, कौशल एवं रोजगार तथा गृह विभाग के समन्वय से महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न योजनाएं लागू कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार के मार्गदर्शन में इस वर्ष सार्वजनिक गणेशोत्सव के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संतोष मोगरे, सचिव सतीश फटकरे, कोषाध्यक्ष सुशांत कवळे, उपाध्यक्ष विजय फटकरे, विभागीय संपर्क अधिकारी संध्या गरवारे, श्रद्धा मेश्राम, अश्विनी पुजारी सहित मंडल के पदाधिकारी, सदस्य और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *