झांसी में भव्य रूप से मनाई जाएगी गांधी-शास्त्री जयंती, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का होगा सम्मान

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश।
जनपद में 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भव्यता के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। स्कूलों और कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करने के साथ प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित बैठक में 2 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने शासन की मंशा के अनुरूप महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। एडीएम प्रशासन ने जनपद के सभी विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में 2 अक्टूबर तक गहन स्वच्छता अभियान चलाने को कहा। विद्यालय और समुदाय आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। शिक्षण संस्थानों में चल रहे स्वच्छता पखवाड़े का भी भव्य समापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी कार्यालयाध्यक्षों को ‘स्वच्छता ही सेवा’ के अंतर्गत कार्यालयों की विधिवत साफ-सफाई कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति संवेदनशीलता को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के रूप में आयोजित किया जाता रहा है। इसी क्रम में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं शहरी के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम आयोजित कर सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता को बढ़ावा दिया जाएगा।
विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, कचरा मुक्त भारत और अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए निबंध, स्लोगन, कविता लेखन, पेंटिंग, भाषण, प्रश्नोत्तरी, मॉडल निर्माण और नाट्य मंचन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विजेता विद्यार्थियों को 2 अक्टूबर को सम्मानित किया जाएगा। विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के माध्यम से ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां भी निकाली जाएंगी। इनमें ठोस एवं अपशिष्ट पृथक्करण के महत्व, सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्प और स्वच्छता आधारित व्यवहार परिवर्तन का संदेश दिया जाएगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 7 बजे रामधुन संकीर्तन रैली निकाली जाएगी। जनपद के सभी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण के साथ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। कारागार में सुबह 9:50 बजे बंदियों को फल एवं मिष्ठान वितरित किए जाएंगे। कुष्ठ आश्रम में कुष्ठ रोगियों को मिष्ठान वितरण के साथ उनका चिकित्सीय परीक्षण कर दवाएं दी जाएंगी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में पैदल चाल प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि राजकीय संग्रहालय में चरखा चलाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। अन्य कार्यक्रमों की जानकारी भी जल्द जारी की जाएगी। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, एसपी सिटी प्रीति सिंह, एडीएम न्याय अरुण कुमार गौड़, एसीएम संजय कुमार, सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी, डीआईओएस रति वर्मा, शिक्षाविद डॉ. नीति शास्त्री, अतुल अग्रवाल किल्पन, एडवोकेट मुकेश सिंघल, प्रगति शर्मा, रंजना विद्रोही, मनमोहन मनु, सुदर्शन शिवहरे सहित नागरिक सुरक्षा संगठन, होमगार्ड्स, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *