
मुंबई। सेंट अर्नोल्ड्स नाइट डिग्री कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ईशा नेत्रालय के सहयोग से गुरुवार को विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। अंधेरी पूर्व के महाकाली गुफा रोड स्थित कॉलेज के असेंबली हॉल में आयोजित शिविर में कुल 218 लोगों ने आंखों की जांच कराकर निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में ईशा नेत्रालय के अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों एवं डॉक्टरों की टीम ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से लोगों की आंखों की विस्तृत जांच की। जांच के दौरान जरूरतमंद लोगों को आंखों से संबंधित समस्याओं के बारे में आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के समन्वय और सेवा भावना से शिविर का संचालन सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। कॉलेज प्रशासन ने शिविर में सहयोग देने वाले ईशा नेत्रालय के चिकित्सकों, शिक्षकों, एनएसएस स्वयंसेवकों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। ‘स्वस्थ आंखें, उज्ज्वल भविष्य’ के संदेश के साथ आयोजित इस शिविर के माध्यम से लोगों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ नियमित नेत्र जांच के महत्व का संदेश भी दिया गया।

