ड्रैगन पैलेस टेंपल बनेगा बुद्ध विचारों के प्रचार-प्रसार का वैश्विक केंद्र: मुख्यमंत्री फडणवीस

‘सेवन वंडर्स ऑफ बुद्धिस्ट वर्ल्ड’ परियोजना के लिए राज्य सरकार देगी निधि, भारत-जापान के बीच शैक्षणिक और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने पर जोर

नागपुर। ड्रैगन पैलेस टेंपल के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को आयोजित ‘ड्रैगन पैलेस फेस्टिवल’ में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ड्रैगन पैलेस टेंपल आने वाले समय में तथागत गौतम बुद्ध के विचारों के प्रचार-प्रसार का वैश्विक केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का धम्म ऐसा विचार है, जिसने तलवार के बल पर नहीं, बल्कि प्रज्ञा, करुणा और शील के सिद्धांतों के माध्यम से पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तथागत गौतम बुद्ध और भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को अभिवादन किया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि भारत की धरती से निकले बुद्ध धम्म ने भारत और जापान के बीच करीब 2,500 वर्षों का सांस्कृतिक और वैचारिक संबंध स्थापित किया है। उन्होंने इंटरनेशनल निचिरेन-शू फेलोशिप एसोसिएशन, जापान के अध्यक्ष भंते कान्सेन मोचिदा के कार्यों की सराहना की। 90 वर्ष की उम्र में भी धम्म प्रचार में सक्रिय भंते मोचिदा दुनिया के करीब 5,000 बौद्ध विहारों के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री ने जापानी भाषा में उनका स्वागत करते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
‘सेवन वंडर्स ऑफ बुद्धिस्ट वर्ल्ड’ परियोजना को सरकारी मदद
मुख्यमंत्री ने बताया कि ड्रैगन पैलेस टेंपल की प्रमुख एडवोकेट सुलेखा कुंभारे और मैडम ओगावा ने 27 वर्ष पहले जिस पहल की शुरुआत की थी, वह आज बुद्ध विचारों के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित हो रही है। उन्होंने ‘सेवन वंडर्स ऑफ बुद्धिस्ट वर्ल्ड अंडर वन अम्ब्रेला’ परियोजना के लिए राज्य सरकार की ओर से निधि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस परियोजना के तहत जापान, थाईलैंड, श्रीलंका, म्यांमार, वियतनाम सहित सात बौद्ध देशों की वास्तुकला और सांस्कृतिक विरासत को एक ही परिसर में प्रदर्शित करने की योजना है।दीक्षाभूमि से ड्रैगन पैलेस तक मेट्रो कनेक्टिविटी
फडणवीस ने कहा कि पवित्र दीक्षाभूमि की तरह ड्रैगन पैलेस टेंपल ने भी नागपुर को वैश्विक पहचान दिलाई है। इसी महत्व को देखते हुए यहां के मेट्रो स्टेशन का नाम ‘ड्रैगन पैलेस मेट्रो स्टेशन’ रखा गया है। मेट्रो कनेक्टिविटी से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए दीक्षाभूमि के दर्शन के बाद ड्रैगन पैलेस पहुंचना आसान हुआ है।
भारत-जापान के बीच शैक्षणिक और सांस्कृतिक सहयोग पर जोर
मुख्यमंत्री ने जापान के 1,200 वर्ष पुराने कोयासान विश्वविद्यालय में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने और इसी विश्वविद्यालय से उन्हें मानद डी.लिट. की उपाधि मिलने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए डॉ. आंबेडकर और तथागत गौतम बुद्ध का आशीर्वाद है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत और जापान के विश्वविद्यालय मिलकर बौद्ध साहित्य के अनुवाद, प्राचीन विरासत के दस्तावेजीकरण और सामाजिक समरसता के विचारों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। कार्यक्रम में विधायक डॉ. राजीव पोतदार, टोक्यो स्थित मिनोबुसान कुओनजी टेंपल के प्रमुख भंते ताईकेन ओयामा, इंटरनेशनल त्रिपिटिका चैंटिंग सेरेमनी एवं महाबोधि विहार, बुद्धगया की मुख्य संरक्षक मैडम वांग्मो डिक्सी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *