सीतापुर में खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, बिसवां बना ओवरऑल चैंपियन
दौड़, लंबी कूद और खो-खो में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन, परसेंडी को मिला दूसरा स्थान

सीतापुर, उत्तर प्रदेश। जिले में आयोजित प्राथमिक एवं जूनियर स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता में विभिन्न विकासखंडों के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 50 मीटर और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद तथा खो-खो सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। संयुक्त अंकों के आधार पर विकासखंड बिसवां ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि परसेंडी दूसरे स्थान पर रहा।
दौड़ प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
50 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में आदर्श कुमार राजपूत ने प्रथम, जसीम (सिधौली) ने द्वितीय और अखंड प्रताप सिंह (एलिया) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में शिवांकी ने पहला, अंकित (सिधौली) ने दूसरा और रानी (रेउसा) ने तीसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में मनोज कुमार (रेउसा) प्रथम, श्लोक (पहला) द्वितीय और देवराज (एलिया) तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में राधा (खैराबाद) ने प्रथम, निधि (परसेंडी) ने द्वितीय और सुनैना (एलिया) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लंबी कूद और खो-खो में भी दिखाया दमखम
लंबी कूद के बालक वर्ग में अनुज (महोली) ने प्रथम, मोहन (बिसवां) ने द्वितीय और श्लोक (पहला) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में गौरी (महोली) प्रथम, आरोही वाजपेई (पिसावां) द्वितीय और अल्फिशा (बिसवां) तृतीय स्थान पर रहीं। खो-खो के बालक वर्ग में परसेंडी ने प्रथम और पहला विकासखंड ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में परसेंडी प्रथम तथा बिसवां दूसरे स्थान पर रहा।
बिसवां बना ओवरऑल चैंपियन
प्राथमिक एवं जूनियर स्तर पर बालक-बालिका वर्ग के संयुक्त अंकों के आधार पर विकासखंड बिसवां ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। विकासखंड परसेंडी दूसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला विकास अधिकारी संतोष नारायण गुप्ता और परियोजना अधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए और उनका उत्साहवर्धन किया। विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेंद्र सिंह ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने की। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा, लौंग श्री यादव और शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी।
