विश्व हृदय दिवस पर डॉ.डी.एन.मिश्रा की सलाह— ‘हार्ट शरीर का इंजन, इसे स्वस्थ रखना बेहद जरूरी’

35 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को नियमित हृदय जांच कराने की सलाह, खान-पान के साथ व्यायाम और योग पर दें विशेष ध्यान

झांसी, उत्तर प्रदेश। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर निर्मल हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. डी.एन. मिश्रा ने लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हार्ट शरीर के इंजन की तरह है, इसलिए इसे हर हाल में स्वस्थ रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए संतुलित खान-पान, बेहतर जीवनशैली और नियमित व्यायाम आवश्यक है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि आज की बदलती जीवनशैली में लोग बाहर का खाना अधिक खा रहे हैं, जबकि योग और नियमित व्यायाम पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ऐसी जीवनशैली हृदय संबंधी परेशानियों का कारण बन सकती है। उन्होंने विशेष रूप से 35 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को समय-समय पर हृदय संबंधी जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जांच केवल बीमार होने पर ही नहीं करानी चाहिए। नियमित स्वास्थ्य जांच से शरीर में किसी तरह की परेशानी या शुरुआती समस्या का समय रहते पता चल सकता है, जिससे उचित उपचार लेने में आसानी होती है। डॉ. मिश्रा ने वर्तमान में वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को देखते हुए भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बाहरी खान-पान से बचें और संक्रमण से बचाव पर विशेष ध्यान दें। वायरल संक्रमण और बुखार के कारण शरीर में कमजोरी बढ़ सकती है, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न बरतें। उन्होंने लोगों से नियमित व्यायाम और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। डॉ. मिश्रा ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली शरीर को स्वस्थ और दुरुस्त रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *