दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, गुब्बारा गले में फंसने से 10 वर्षीय बच्ची की मौत

बदायूं, उत्तर प्रदेश। दिवाली की खुशियां एक दर्दनाक हादसे के बाद मातम में बदल गईं। बदायूं के उघैती क्षेत्र में नानी के घर दिवाली मनाने आई 10 वर्षीय बच्ची नंदिनी की गुब्बारा गले में फंसने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, उघैती के सराह बरौलिया गांव निवासी भुवनेश अपने परिवार के साथ दिल्ली के दादरी में रहकर खेती-किसानी करते हैं। उनकी शादी गढ़ौली गांव निवासी रामदयाल मौर्य की बेटी देववती से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं, जिनमें नंदिनी सबसे छोटी थी। वह दिल्ली में कक्षा चार में पढ़ती थी। परिजनों के मुताबिक, नंदिनी करीब एक महीने पहले अपनी नानी के घर आई थी। दिवाली के बाद उसे परिवार के साथ वापस दिल्ली लौटना था। सोमवार सुबह वह घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इस दौरान बच्चे गुब्बारे फुला रहे थे और नंदिनी भी गुब्बारा फुलाने लगी। इसी बीच गुब्बारे से हवा निकलने के दौरान वह अचानक बच्ची के गले में चिपक गया, जिससे उसकी सांस लेने में परेशानी होने लगी। नंदिनी छटपटाने लगी। बच्चों के शोर मचाने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्ची को बिल्सी के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। हालांकि, डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक छोटी सी खेल गतिविधि के दौरान हुए इस हादसे ने परिवार की दिवाली की खुशियां छीन लीं। नंदिनी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *