दिल्ली रेलवे यार्ड में 1,286 किलो मांस की खेप जब्त, गोमांस होने का संदेह

दक्षिण एक्सप्रेस से हैदराबाद से पहुंची थी खेप, एफएसएल और पशु चिकित्सक ने लिए नमूने

नई दिल्ली। रेलवे विजिलेंस इकाई से मिली सूचना के बाद दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन स्थित न्यू वॉशिंग लाइन रेलवे यार्ड से 1,286.35 किलोग्राम मांस की खेप जब्त की गई है। इस खेप में गोमांस होने का संदेह जताया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, मांस की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, जब्त खेप में कुल 20 पैकेट शामिल हैं। यह मांस रविवार को हैदराबाद से दक्षिण एक्सप्रेस (12721) के जरिए दिल्ली पहुंचा था। बुकिंग के दौरान पैकेटों को मटन और मांस के रूप में दर्ज किया गया था। 8 नवंबर को सुबह करीब 9 बजे वडोदरा हाउस स्थित रेलवे विजिलेंस इकाई को इस खेप के संबंध में जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल रेलवे यार्ड पहुंची और कार्रवाई करते हुए मांस को जब्त कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की विशेष टीम और पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने जब्त मांस के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि खेप में किस प्रकार का मांस मौजूद था और क्या इसमें वास्तव में गोमांस शामिल था। कार्रवाई के दौरान सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमें भी मौजूद थीं। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। ई-साक्ष्य मंच के माध्यम से दस्तावेजीकरण भी किया जा रहा है। प्रयोगशाला रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *