
मुंबई। समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं और सामाजिक संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुंबई शहर जिले में ‘जिला युवा पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष यह पुरस्कार 1 मई, महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर दिया जाएगा, जिसकी जानकारी अपर जिलाधिकारी बाप्पासाहेब थोरात ने दी। मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय युवा पुरस्कार समिति की बैठक में इस पहल पर अंतिम निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए थोरात ने बताया कि यह पुरस्कार उन युवक-युवतियों और संस्थाओं को दिया जाएगा, जिन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में समाजोपयोगी कार्यों के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पुरस्कार के लिए चयन करते समय समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान, अनुसूचित जाति-जनजाति क्षेत्रों में कार्य, झोपड़पट्टी एवं शहरी बस्तियों का विकास, नशामुक्ति अभियान, आपदा प्रबंधन, रोजगार सृजन, विज्ञान एवं तकनीक, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में किए गए कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गतिविधियों और खेल क्षेत्र में योगदान देने वाले युवाओं को भी इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से अन्य युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और समाजसेवा में उनकी भागीदारी बढ़ेगी। पुरस्कार के तहत चयनित युवक-युवतियों को 10 हजार रुपये, जबकि सामाजिक संस्थाओं को 50 हजार रुपये की राशि, सम्मानचिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।




