‘वर्षा’ में गणपति के दर्शन के लिए जुटे 30 से अधिक देशों के राजनयिक
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ की गणेश पूजा, महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा से हुए रूबरू

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास ‘वर्षा’ में गणेशोत्सव के दौरान अंतरराष्ट्रीय सहभागिता की अनूठी झलक देखने को मिली। शुक्रवार को जापान, फ्रांस, जर्मनी, चीन, इटली, दक्षिण कोरिया, यूएई सहित विभिन्न देशों के महावाणिज्यदूतों और अन्य राजनयिक प्रतिनिधियों ने ‘वर्षा’ पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए। मुख्यमंत्री फडणवीस ने सभी राजनयिकों का स्वागत किया और उनके साथ गणपति की पूजा-अर्चना की। गणेशोत्सव के उत्साहपूर्ण और मंगलमय वातावरण में मुख्यमंत्री ने विदेशी राजनयिक प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विषयों पर सौहार्दपूर्ण बातचीत भी की। इस दौरान राजनयिकों को महाराष्ट्र की गणेशोत्सव परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिला। इस अवसर पर जापान की हितोमी सातो, वियतनाम के ले क्वांग बिएन, दक्षिण कोरिया के डोंगवान यू, संयुक्त अरब अमीरात के अब्दुल्ला हुसैन अलमर्जुकी, ओमान के महबूब अल रईसी, इटली के वाल्टर फेरारा, तुर्किये के मुस्तफा केमालेत्तिन एरुयगुर, यमन के मोहम्मद ताहेर अब्दुलमोघ्नी, कतर के अहमद साद अल-सुलैती और थाईलैंड की सिरीपोर्न सुपानी मत्विसेटकुल शामिल रहे। इसके अलावा फ्रांस के पैट्रिक लेवेरीनो, पोलैंड के तोमाश व्हिएल्गोमास, जर्मनी के क्रिस्टॉफ हॅलियर, यूक्रेन की एना जायचेंको, आयरलैंड के पैट्रिक डफी, ब्राजील की रेल्सा पेलुती अलेंकार, मिस्र की डालिया तवाकोल, चीन की चिन जी, नीदरलैंड के नाबिल ताउती, ईरान के सईद रजा मोसायेब मोत्लाघ, स्वीडन के स्वेन ऑस्टबर्ग और नॉर्वे की मोनिका नागेलगार्ड ने भी भगवान गणेश के दर्शन किए। श्रीलंका की शिरानी अरियाराथ्ने, मलेशिया की नजवा मुस्यरीफाह रामली, इराक के जुहैर साद अब्बास और बेल्जियम के पियरे स्टीवर्लिंक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। राजनयिक प्रतिनिधियों में बांग्लादेश की उप उच्चायुक्त फरहाना अहमद चौधरी, ब्रिटेन की उप उच्चायुक्त कमलजीत कांग, अमेरिका की उप महावाणिज्यदूत एरिन युसेन और फिनलैंड की उप महावाणिज्यदूत जोन्ना सुनी ने भी गणपति के दर्शन किए। इस अवसर पर मुख्य राज्य शिष्टाचार अधिकारी राजेश गवांदे, मुख्यमंत्री के निवेश सलाहकार कौस्तुभ धवसे, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव लोकेश चंद्रा, प्रधान सचिव श्रीकर परदेशी और अमृता फडणवीस सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ‘वर्षा’ में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से महाराष्ट्र के गणेशोत्सव की सांस्कृतिक परंपरा के साथ विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों को जोड़ने का अवसर मिला और राजनयिकों ने प्रदेश की संस्कृति एवं उत्सव की परंपरा का अनुभव किया।

