
मुंबई। स्कूल प्रवेशोत्सव के अवसर पर दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के सचिव डॉ. माणिक गुरसाल ने सोमवार को ताड़देव स्थित विक्टोरिया मेमोरियल स्कूल फॉर द ब्लाइंड का दौरा कर दृष्टिबाधित विद्यार्थियों का गुलाब का फूल देकर स्वागत किया। डॉ. गुरसाल ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया। स्कूल का पहला दिन होने के कारण छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बातचीत के दौरान विद्यार्थियों ने उनसे भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) परीक्षा की प्रक्रिया, उसकी तैयारी और सफलता के लिए आवश्यक प्रयासों के बारे में प्रश्न पूछे। डॉ. गुरसाल ने छात्रों के सवालों का सरल और प्रेरणादायक ढंग से उत्तर देते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के उपसचिव विष्णुदास घोडके, अवर सचिव साईप्रसाद मुकदाडवार, सहायक आयुक्त समाज कल्याण एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग समाधान इंगळे, जिला समाज कल्याण अधिकारी रूपाली पाटील, विक्टोरिया मेमोरियल ब्लाइंड कॉलेज की प्राचार्या रजनी हिरमेठ तथा संस्था की अध्यक्ष मीना देशपांडे सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि विक्टोरिया मेमोरियल स्कूल फॉर द ब्लाइंड पिछले एक शताब्दी से अधिक समय से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। वर्ष 1902 में स्थापित इस संस्था में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवास, भोजन, कंप्यूटर प्रशिक्षण, संगीत, खेलकूद तथा विभिन्न व्यावसायिक कौशलों का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है। मुंबई के ताड़देव क्षेत्र में स्थित इस प्रतिष्ठित संस्था ने अब तक हजारों दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा और आत्मनिर्भरता का अवसर उपलब्ध कराया है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक तकनीक, पुस्तकालय सुविधाओं तथा कौशल विकास कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है।

