HomeCrimeछात्र बनकर यात्रियों को ठगने वाला शातिर जालसाज मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार

छात्र बनकर यात्रियों को ठगने वाला शातिर जालसाज मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट पुलिस ने एक ऐसे आदतन ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को छात्र बताकर देशभर के विभिन्न हवाई अड्डों पर यात्रियों से भावनात्मक कहानी सुनाकर पैसे ऐंठता था। आरोपी के खिलाफ देश के अलग-अलग एयरपोर्ट पुलिस थानों में धोखाधड़ी के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता 21 मार्च 2026 को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर मौजूद था। इसी दौरान आरोपी ने खुद को नागपुर स्थित वीएनआईटी कॉलेज का छात्र बताते हुए संपर्क किया और दावा किया कि उसका फ्लाइट टिकट खो गया है। भरोसा जीतने के लिए उसने भावुक कहानी सुनाई और मदद के नाम पर शिकायतकर्ता से अपने क्यूआर कोड के माध्यम से 16 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब शिकायतकर्ता ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उससे संपर्क के सभी रास्ते बंद कर दिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त निमित गोयल के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुहास चव्हाण के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। पुलिस निरीक्षक युवराज वटकर की निगरानी में उपनिरीक्षक वैभव पाटिल और उपनिरीक्षक सुनील खैर ने तकनीकी जांच कर आरोपी की पहचान का पता लगाया। जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर और क्यूआर कोड किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत था। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी मोडेला वेंकट दिनेश कुमार के रूप में की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी पिछले 15 दिनों से नागपुर, भोपाल, लखनऊ, वाराणसी और हैदराबाद में सक्रिय था। 28 मई 2026 को उसके मुंबई लौटने की सूचना मिलने पर टर्मिनल-1 और टर्मिनल-2 पर जाल बिछाया गया। टर्मिनल-2 के आगमन क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड, तीन नकली आधार कार्ड, फर्जी कॉलेज पहचान पत्र तथा 19,600 रुपये नकद बरामद किए। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 1.05 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। वर्ष 2020 से अब तक उसके खिलाफ बेंगलुरु, दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट, गुवाहाटी, जयपुर, कुन्नूर और मुंबई सहित विभिन्न हवाई अड्डों के पुलिस स्टेशनों में धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ आगे बढ़ने पर और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे हवाई अड्डों पर किसी भी अजनबी की भावनात्मक अपील या आर्थिक मदद की मांग पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें और ऐसी किसी भी संदिग्ध घटना की तत्काल पुलिस को सूचना दें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments