पुराने दोस्त बनकर गहने उतरवाने वाला शातिर ठग गिरफ्तार, 17 मामलों का खुलासा
ठाणे क्राइम ब्रांच यूनिट-4 की कार्रवाई, ₹24.24 लाख का 212 ग्राम सोना बरामद, दो साथी फरार
उल्हासनगर। सड़क पर अचानक कोई व्यक्ति आपको पुराने दोस्त की तरह गले लगाए, पुरानी पहचान का हवाला देकर बातों में उलझाए और फिर आपके गहने या नकदी गायब हो जाएं—तो सावधान हो जाइए। ठाणे पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-4, उल्हासनगर ने ऐसे ही एक कथित शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो लोगों का विश्वास जीतकर उनसे सोने के गहने और नकदी ठगने के आरोप में पकड़ा गया है। मंगलवार को यह जानकारी पुलिस ने दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश बाबू मंचेकर (37), निवासी महापे, नवी मुंबई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी और उसके साथी रास्ते में लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और आम नागरिकों को रोककर उनसे ऐसे बातचीत करते थे जैसे वे पुराने परिचित हों। बातचीत के दौरान विश्वास में लेकर गहने और नकदी हासिल कर लेते थे। पुलिस जांच में ठाणे पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल-3 और परिमंडल-4 में दर्ज 17 मामलों का खुलासा होने की बात सामने आई है। आरोपी के पास से करीब ₹24.24 लाख कीमत का 212 ग्राम सोना बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक दिनेश मंचेकर के खिलाफ पहले से भी विभिन्न पुलिस आयुक्तालय क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं। मुंबई शहर में 20, नवी मुंबई में एक, मीरा-भायंदर में दो और ठाणे शहर में छह समेत कुल 29 अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें चोरी, डकैती, ठगी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं।
इस मामले में पुलिस ने सुदेश उर्फ बाबू तानाजी महादे (55), निवासी चिपळून, रत्नागिरी और बाबू ईरप्पा मंचेकर (68), निवासी ओवलागांव, पनवेल को भी वांछित बताया है। दोनों की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई ठाणे शहर पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, सह-पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले, अपर पुलिस आयुक्त अमरसिंग जाधव, सहायक पुलिस आयुक्त शेखर बागड़े और क्राइम ब्रांच यूनिट-4 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेश गज्जल के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में अशोक पवार, गणेश गावडे, राजेंद्र थोर्वे सहित पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर अचानक पुरानी पहचान बताकर नजदीकी बढ़ाने वाले किसी भी व्यक्ति पर तुरंत भरोसा न करें। गहने, नकदी या अन्य कीमती सामान किसी अजनबी अथवा संदिग्ध व्यक्ति को न सौंपें और शक होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
