बदायूं में कुत्ते के काटने के बाद गाय की मौत, परिवार के18 लोगों ने लगवाई रेबीज वैक्सीन

गाय के दूध से बनी खीर करीब 80 लोगों ने खाई थी, परिवार ने पशु चिकित्सा में लापरवाही का आरोप लगाकर जांच की मांग की

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के ग्राम धर्मपुर टप्पा वैश में एक गाय की मौत के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। परिवार का कहना है कि गाय को 20 सितंबर को कथित रूप से पागल कुत्ते ने काट लिया था। गाय के बीमार रहने के दौरान परिवार के 18 लोगों ने उसका दूध पिया था, जबकि बुधवार को कनागत की दावत में उसी गाय के दूध से बनी खीर करीब 80 लोगों ने खाई थी। गाय की मौत के बाद शुक्रवार को परिवार के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से दहगवां अस्पताल पहुंचे, जहां 18 लोगों ने रेबीज रोधी टीका लगवाया। परिवार का कहना है कि घटना के बाद वे भयभीत हैं और गाय की मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे हैं। ग्राम निवासी विनोद कुमार ने जरीफनगर थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि कुत्ते के काटने के बाद गाय के इलाज के लिए एक पशु चिकित्सक से संपर्क किया गया था। आरोप है कि उनके सहयोगी ने 500 रुपये लेकर एक इंजेक्शन लगाया, लेकिन इसके बाद आवश्यक उपचार के लिए कोई नहीं आया। परिवार का आरोप है कि उचित उपचार नहीं मिलने से गाय की हालत बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। परिवार ने संबंधित पशु चिकित्सा कर्मियों की भूमिका की जांच और कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के साथ उन 18 लोगों की सूची भी पुलिस को सौंपी गई है जिन्होंने गाय का दूध पिया था और बाद में वैक्सीन लगवाई। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। सीओ अशोक कुमार सिंह के अनुसार, शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *