Saturday, March 14, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedपीएम सूर्यघर योजना में रुचि नहीं दिखा रहे उपभोक्ता, 743 लाभार्थियों ने...

पीएम सूर्यघर योजना में रुचि नहीं दिखा रहे उपभोक्ता, 743 लाभार्थियों ने वेन्डर चयन के बाद भी नहीं लगवाए सोलर पैनल

झांसी, उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई ‘पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना’ को झांसी जनपद में अपेक्षित गति नहीं मिल रही है। जनपद को मार्च 2027 तक 50,000 छतों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य मिला है, लेकिन अब तक केवल 2,451 पैनल ही इंस्टॉल हो पाए हैं। खास बात यह है कि योजना में आवेदन करने और वेन्डर चयन करने के बावजूद 743 लाभार्थियों ने अब तक सोलर पैनल नहीं लगवाए हैं। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना की धीमी प्रगति पर चिंता जताई गई। उन्होंने वेन्डर्स को निर्देशित किया कि वे ऐसे उपभोक्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें और जल्द से जल्द सोलर पैनल लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी बताया कि 1177 ऐसे उपभोक्ता भी हैं जिन्होंने आवेदन किया है लेकिन अब तक वेन्डर चयन नहीं किया है।
डोर-टू-डोर जागरूकता की आवश्यकता
सीडीओ जुनैद अहमद ने वेन्डर्स को निर्देशित किया कि वे शहरी क्षेत्र के विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से संपर्क कर योजना के प्रति जागरूक करें और अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित कराएं। इसके लिए डोर-टू-डोर अभियान भी चलाया जाए।
विद्युत विभाग और निकायों को निर्देश
जिलाधिकारी की ओर से विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि योजना से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को शीघ्र दूर करें, जबकि सीडीओ ने नगर निकायों और नेडा को निर्देशित किया कि वे समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने और लाइन लॉसेस वाले क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। परियोजना अधिकारी वैकल्पिक ऊर्जा, वीरेंद्र जैन ने जानकारी दी कि 3 किलोवाट के सोलर पैनल पर कुल लागत लगभग 2 लाख रुपये आती है, जिसमें केंद्र सरकार की ओर से 78,000 रुपये की सब्सिडी दी जाती है। शेष 1.2 लाख रुपये का खर्च उपभोक्ता को वहन करना होता है। इस निवेश से हर साल लगभग 30,000 रुपये की बचत संभव है।
राष्ट्रीय स्तर पर एक करोड़ घरों का लक्ष्य
इस योजना के अंतर्गत पूरे देश में एक करोड़ घरों की छतों पर सौर पैनल लगाए जाने हैं ताकि हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा सके। योजना में सब्सिडी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है और रियायती ऋण की भी सुविधा उपलब्ध है।
बैठक में रहे कई अधिकारी मौजूद
बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण श्री रमाकांत दीक्षित, अधिशासी अभियंता श्रीमती रेनू वर्मा, अग्रणी बैंक के उप प्रबंधक श्री भानु प्रताप सिंह, वेन्डर प्रतिनिधि अटल जैन, जितेंद्र सक्सेना, कल्याण सिंह समेत नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments