छुट्टी के विवाद में CISF हेड कांस्टेबल ने की फायरिंग, असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार की मौत

कठुआ के सेवा-2 हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के CISF कैंप में वारदात, आरोपी अवधेश सिंह हिरासत में, सर्विस राइफल से फायरिंग का आरोप

कठुआ। हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के हट्ट माश्का गांव स्थित सेवा-2 हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा में तैनात CISF के एक हेड कांस्टेबल ने मंगलवार शाम कथित तौर पर छुट्टी को लेकर हुए विवाद के बाद कैंप में फायरिंग कर दी। घटना में असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार CISF कर्मियों की मौत हो गई। आरोपी हेड कांस्टेबल अवधेश सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कठुआ की एसएसपी मोहिता शर्मा के अनुसार, गोली लगने से असिस्टेंट कमांडेंट एवं कंपनी कमांडर अंकित कुमार पांडेय, सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफीक अहमद और कांस्टेबल संदीप कुमार की मौत हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी अवधेश सिंह ने बताया कि वह लंबे समय से छुट्टी के लिए आवेदन कर रहा था, लेकिन किसी न किसी कारण से उसकी छुट्टी रद्द हो रही थी। मंगलवार को भी छुट्टी को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में चारों CISF कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्थित NHPC अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। बाद में शवों को हट्ट माश्का से सटे हिमाचल प्रदेश में NHPC की दूसरी परियोजना के खैरी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। CISF सूत्रों और पुलिस के अनुसार, आरोपी हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर AK-47 राइफल से गोलियां चलाईं। उसके पास करीब 150 राउंड होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत असिस्टेंट कमांडेंट एवं कंपनी कमांडर अंकित कुमार पांडेय से हुई थी, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारण, फायरिंग के घटनाक्रम और हथियार के इस्तेमाल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी अवधेश सिंह के बारे में बताया गया है कि वह 2009 में CISF में भर्ती हुआ था। इस घटना से सेवा-2 हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के CISF कैंप में हड़कंप मच गया। एक ही घटना में असिस्टेंट कमांडेंट सहित चार जवानों की मौत के बाद सुरक्षा बल और पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *