बोरीवली में ₹1.38 करोड़ की हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार, सैक बैग में मिली 691 ग्राम ड्रग्स

एंटी नारकोटिक्स सेल की कांदिवली यूनिट की कार्रवाई, गश्त के दौरान खोडियार नगर में पकड़ा गया संदिग्ध

मुंबई। मुंबई के बोरीवली (पूर्व) में मंगलवार सुबह एंटी नारकोटिक्स सेल की कांदिवली यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 691 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹1 करोड़ 38 लाख है। पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम बोरीवली पूर्व के खोडियार नगर इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर सैक बैग लेकर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। पुलिस को देखकर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके बैग से हेरोइन बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ का वजन 691 ग्राम पाया गया। पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर उसके खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा मुंबई में हेरोइन की बिक्री किए जाने की बात सामने आई है। अब जांच का फोकस इस बात पर है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से आई, उसे यह खेप किसने दी और मुंबई में इसकी डिलीवरी किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस आरोपी से जुड़े सप्लायर और संभावित खरीदारों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त अनिल कुंभारे सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। एंटी नारकोटिक्स सेल की कांदिवली यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक राहुल लोखंडे और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम देते हुए आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया। एक सैक बैग से ₹1.38 करोड़ की हेरोइन की बरामदगी ने एक बार फिर मुंबई में सक्रिय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस की आगे की जांच से यह स्पष्ट होगा कि गिरफ्तार आरोपी अकेले मादक पदार्थ बेच रहा था या उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *