
सीतापुर, उत्तर प्रदेश। प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, विशेष शिक्षकों, अनुदेशकों, मान्यता प्राप्त अनुदानित विद्यालयों के शिक्षकों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कार्यरत वार्डन, पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइयों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सीतापुर में आयोजित किया गया। जनपद वाराणसी के ट्रेड सेंटर में आयोजित मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण दिखाने के लिए 8 जुलाई को खैराबाद स्थित भूमिजा बहुद्देशीय हॉल में प्रातः 10 बजे से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेउता विधायक ज्ञान तिवारी, शिक्षक एमएलसी इं. अवनीश कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा वरिष्ठ डायट प्रवक्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद प्रातः 10 बजे से मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी में आयोजित ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शिक्षकों को दिखाया गया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे और एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत निर्मित दरी भेंट कर किया। कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय मिश्रापुर, खैराबाद के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके साथ ही स्वच्छता एवं साफ-सफाई के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रस्तुतियों की उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने सराहना की। ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतीकात्मक रूप से बेसिक शिक्षा परिषद के 19 लाभार्थियों तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 12 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड और अंगवस्त्र वितरित किए गए। योजना के माध्यम से पात्र शिक्षकों, कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्राप्त होगा। इस पहल का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले प्राथमिक विद्यालय मिश्रापुर के सभी बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विधान परिषद सदस्य द्वारा बच्चों को स्कूल बैग भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर विधायक, विधान परिषद सदस्य, शिक्षक एमएलसी, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, वरिष्ठ डायट प्रवक्ता, समग्र शिक्षा के समस्त जिला समन्वयक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।



