गेटवे ऑफ इंडिया पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का किया स्वागत

शॉल ओढ़ाकर किया सम्मान, मुंबई की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से कराया परिचित

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मुंबई के ऐतिहासिक गेटवे ऑफ इंडिया परिसर में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रूप से शॉल भेंट कर अमेरिकी विदेश मंत्री का सम्मान किया और उन्हें मुंबई की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने रुबियो को गेटवे ऑफ इंडिया के ऐतिहासिक महत्व तथा आसपास के परिसर की विशेषताओं से अवगत कराया। इस दौरान दोनों के बीच संवाद भी हुआ।
गेटवे ऑफ इंडिया परिसर का किया अवलोकन
स्वागत समारोह के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गेटवे ऑफ इंडिया परिसर का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें मुंबई के इस प्रमुख ऐतिहासिक स्मारक के महत्व और शहर की सांस्कृतिक विशेषताओं की जानकारी दी। इस मुलाकात का उद्देश्य अमेरिकी विदेश मंत्री को मुंबई की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराना था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव लोकेश चंद्र, राजशिष्टाचार विभाग के सचिव डॉ. राजेश गवांदे, मुख्यमंत्री के सलाहकार कौस्तुभ धवसे तथा अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ आया प्रतिनिधिमंडल उपस्थित रहा। मुख्यमंत्री और अमेरिकी विदेश मंत्री के बीच हुई इस मुलाकात में मुंबई की ऐतिहासिक विरासत प्रमुख केंद्र रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *