
मुंबई। खो-खो के पहले विश्व कप में भारत का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करने वाली महिला और पुरुष टीमों को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बधाई दी है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्होंने कहा, यह विजय अविस्मरणीय है। इस उपलब्धि पर महाराष्ट्र को गर्व है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से खुशी व्यक्त की कि दोनों टीमों की कप्तानी महाराष्ट्र के पास रहते हुए यह ऐतिहासिक जीत हासिल हुई। उन्होंने महिला टीम की कप्तान प्रियंका इंगळे और पुरुष टीम के कप्तान प्रतीक वाईकर की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन दोनों ने महाराष्ट्र का सिर गर्व से ऊंचा किया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने आगे कहा, पहले ही विश्व कप पर भारत का नाम अंकित करने का कार्य हमारे महाराष्ट्र के सपूतों ने किया है। उन्होंने महिला टीम की कप्तान प्रियंका इंगळे के साथ-साथ अन्य खिलाड़ियों- अश्विनी शिंदे, रेश्मा राठौड़, वैष्णवी पवार, और पुरुष टीम के कप्तान प्रतीक वाईकर के साथ सुयश गरगटे, अनिकेत पोटे, आदित्य गनपुले और रामजी कश्यप की प्रशंसा की। इस ऐतिहासिक जीत में कोचों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुरुष टीम के कोच शिरीन गोडबोले, महिला टीम की कोच प्राची ताई वाईकर, और फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अमित रावहाटे के मार्गदर्शन की सराहना की गई। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस सफलता में खिलाड़ियों की मेहनत के साथ उनके परिवार का समर्थन भी अहम रहा है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने सभी को दिल से बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रकट की।