पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास में संतुलन बनाकर भारत ने दुनिया को दिखाई राह: प्रिंस विलियम

मुंबई के अर्थशॉट प्राइज इम्पैक्ट असेंबली में भारत की अक्षय ऊर्जा उपलब्धियों की सराहना, बोले- नवाचार और जनभागीदारी से मजबूत होगा टिकाऊ विकास

मुंबई। ब्रिटेन के राजकुमार और अर्थशॉट प्राइज के संस्थापक अध्यक्ष प्रिंस विलियम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। भारत ने अपने कार्यों से दुनिया को दिखाया है कि दोनों के बीच संतुलन बनाकर विकास किया जा सकता है। पर्यावरण अनुकूल तकनीक, नए नवाचार और जनभागीदारी के माध्यम से सतत विकास की दिशा को और मजबूत करने की जरूरत है। वे मुंबई के जियो कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अर्थशॉट प्राइज इम्पैक्ट असेंबली कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर अर्थशॉट प्राइज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेसन कनॉफ, चेयरमैन जेस्पर ब्रॉडीन, पुरस्कार के फाइनलिस्ट और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। भारत के पर्यावरण अनुकूल विकास का उल्लेख करते हुए प्रिंस विलियम ने अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में देश की प्रगति की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता का 50 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ऊर्जा स्रोतों से हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित समय से पांच वर्ष पहले ही पूरा कर लिया है। पिछले एक दशक में देश की सौर ऊर्जा क्षमता भी 50 गुना से अधिक बढ़ी है। उन्होंने इसे स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
भारतीय नवाचारों की दुनिया भर में पहचान
प्रिंस विलियम ने कहा कि अर्थशॉट प्राइज के इतिहास में भारत का योगदान उल्लेखनीय रहा है। इस पुरस्कार के सबसे अधिक विजेता और फाइनलिस्ट भारत से रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2021 में ‘क्लीन अवर एयर’ श्रेणी में पुरस्कार जीतने वाली भारतीय संस्था ‘टकाचार’ का विशेष उल्लेख किया। संस्था ने ऐसा पोर्टेबल तकनीक आधारित समाधान विकसित किया है, जिसके माध्यम से खेतों के फसल अवशेष और जंगलों के कचरे को जलाने के बजाय उनसे ईंधन और खाद जैसे उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इस तकनीक से धुएं का उत्सर्जन 98 प्रतिशत तक कम करने में मदद मिली है और किसानों की आय बढ़ाने में भी योगदान मिला है।
गर्मी से बचाव से लेकर प्रदूषणमुक्त परिवहन तक
प्रिंस विलियम ने वर्ष 2026 के अर्थशॉट प्राइज के फाइनल में पहुंचे दो भारतीय प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि ‘महिला हाउसिंग ट्रस्ट’ कम आय वर्ग की महिलाओं को बढ़ती गर्मी से बचाने के लिए ठंडी छतों जैसी सुविधाएं और किफायती बीमा उपलब्ध कराने में मदद कर रहा है। वहीं, ‘महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी’ किफायती इलेक्ट्रिक रिक्शा के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में प्रदूषण कम करने की दिशा में काम कर रही है।
दुनिया एक-दूसरे के अनुभवों से सीखे
प्रिंस विलियम ने कहा कि पर्यावरण संबंधी समस्याओं का समाधान किसी एक देश या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। सभी देशों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखना चाहिए। स्वच्छ परिवहन, अक्षय ऊर्जा, कृषि बीमा और हानिकारक रसायनों पर नियंत्रण जैसे क्षेत्रों में दुनिया भर में उल्लेखनीय प्रयास हो रहे हैं। इन नवाचारों को उचित सहयोग और निवेश मिले तो इन्हें वैश्विक स्तर पर विस्तार दिया जा सकता है। सौर ऊर्जा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया को पहली एक टेरावाट सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित करने में लगभग 70 वर्ष लगे, जबकि दूसरी एक टेरावाट क्षमता महज दो वर्षों में स्थापित कर ली गई। एक सफल नवाचार आगे के बदलावों का रास्ता खोलता है और असंभव लगने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।
‘रंगबिरंगी दुनिया’ के नजरिये से देखें भविष्य
अपने संबोधन में हिंदी के शब्द ‘रंगबिरंगी दुनिया’ का उल्लेख करते हुए प्रिंस विलियम ने भविष्य को व्यापक दृष्टिकोण से देखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास या पर्यावरण, समृद्धि या प्रकृति संरक्षण जैसे विरोधाभासी विकल्पों में उलझने के बजाय ऐसा टिकाऊ भविष्य तैयार करना चाहिए, जिसमें सभी के हित शामिल हों। उन्होंने कहा कि अर्थशॉट प्राइज के पिछले छह वर्षों में कई प्रभावशाली विचार और समाधान सामने आए हैं। अब इन नवाचारों की पहचान करने, उन्हें आर्थिक और सामाजिक सहयोग देने तथा दुनिया भर में उनका विस्तार करने की जिम्मेदारी सभी की है। सरकार, उद्योग जगत और नागरिकों को फाइनलिस्ट के प्रयासों को अपने विचारों, प्रभाव और निवेश के माध्यम से समर्थन देना चाहिए। कार्यक्रम में अर्थशॉट प्राइज के फाइनलिस्ट और उनके कार्यों का परिचय भी कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *