सीतापुर में बीएसए का सात स्कूलों में औचक निरीक्षण, कई शिक्षक मिले अनुपस्थित

बंद मिला प्राथमिक विद्यालय इस्माइलगंज, गेट के बाहर शिक्षकों का इंतजार करते रहे बच्चे; प्रधानाध्यापक के निलंबन और अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश
देवेश प्रताप सिंह राठौर/सीतापुर, उत्तर प्रदेश। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सीतापुर ने मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को जिले के बेहटा और रेउसा विकास खंडों के सात परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई शिक्षक अनुपस्थित पाए गए, जबकि एक विद्यालय बंद मिला और बच्चे गेट के बाहर खड़े होकर शिक्षकों का इंतजार करते नजर आए। बीएसए ने लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने, कारण बताओ नोटिस जारी करने और निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।सुबह 9:07 बजे विकास खंड बेहटा के कंपोजिट विद्यालय हजरतपुर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कोई भी शिक्षक उपस्थित नहीं मिला। बीएसए ने स्वयं विद्यालय में बच्चों एवं अन्य कर्मचारियों के साथ प्रार्थना कराई। इंचार्ज प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार राजवंशी का एक दिन का वेतन रोकते हुए निलंबन की कार्रवाई क्यों न की जाए, इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सुबह 9:18 बजे सहायक अध्यापिका जया लक्ष्मी विद्यालय पहुंचीं।विद्यालय के सहायक अध्यापक खैरूनिशा, अंकुर वर्मा, सुनील कुमार, संजय कुमार गौतम, शशि भूषण पांडेय, जया लक्ष्मी, राजीव कुमार राय, सुनीत कुमार श्रीवास्तव, शिक्षामित्र शिल्पी वर्मा, नीलम श्रीवास्तव तथा अनुदेशक नवीन कुमार मिश्रा और राम मिलन का एक दिन का वेतन अथवा मानदेय रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद सुबह 9:30 बजे प्राथमिक विद्यालय इस्माइलगंज, विकास खंड बेहटा का निरीक्षण किया गया। विद्यालय बंद मिला और बच्चे गेट के बाहर खड़े होकर अपने शिक्षकों का इंतजार कर रहे थे। बच्चों ने बताया कि शिक्षक सुबह 10 बजे के बाद ही विद्यालय आते हैं। इस पर बीएसए ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक अभिषेक जसवानी को निलंबित करने तथा सहायक अध्यापक शिवशंकर, राम सिंह और शिक्षामित्र बालकराम का एक दिन का वेतन अथवा मानदेय काटते हुए निलंबन की कार्रवाई क्यों न की जाए, इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।सुबह 9:57 बजे प्राथमिक विद्यालय सुमेर, विकास खंड बेहटा का निरीक्षण किया गया। बीएसए ने बच्चों से बोर्ड पर हिंदी के शब्द लिखवाकर उनकी शैक्षिक गुणवत्ता परखी। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से यूनिफॉर्म पहनकर विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालय में मल्टीपल हैंडवॉश, बालक-बालिका शौचालय, रंगाई-पुताई, बल्ब और पंखों की व्यवस्था दीपावली से पहले दुरुस्त कराकर फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।सुबह 10:28 बजे विकास खंड रेउसा के प्राथमिक विद्यालय दरियाना का निरीक्षण किया गया। यहां बच्चों से बोर्ड पर गणित के प्रश्न हल कराए गए। विद्यालय परिसर और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। सुबह 10:57 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय सिसैया, विकास खंड रेउसा के निरीक्षण में सहायक अध्यापक सुबोध तिवारी और प्रधानाध्यापक राजेश कुमार पांडेय अनुपस्थित पाए गए। बीएसए ने दोनों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद सुबह 11:38 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय रमुवापुर, विकास खंड रेउसा का निरीक्षण किया गया। विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में ग्राम प्रधान से फोन पर बातचीत कर सफाई की समस्या का समाधान कराने को कहा गया।दोपहर 12:30 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय ढाखिन, विकास खंड बेहटा का निरीक्षण किया गया। यहां सहायक अध्यापक जयवीर सिंह अनुपस्थित मिले, जिनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मल्टीपल हैंडवॉश में नल नहीं लगे थे और शौचालय में पानी का कनेक्शन भी नहीं था। इस लापरवाही को लेकर प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। औचक निरीक्षण के दौरान बीएसए ने शिक्षकों की समय से उपस्थिति, बच्चों की पढ़ाई, विद्यालयों की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया। अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देशों के साथ विद्यालयों में मिली कमियों को दूर कराने को भी कहा गया।
