अदालत के बाहर दिनदहाड़े हमला, पुणे की कानून-व्यवस्था पर सुप्रिया सुले ने उठाए सवाल
कोर्ट परिसर में पुलिस चौकी और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हथियारों के साथ हमलावरों के पहुंचने पर जताई चिंता, सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

पुणे। शिवाजीनगर स्थित पुणे जिला एवं सत्र न्यायालय के गेट नंबर-4 के पास बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी और धारदार हथियार से हमले की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने पुणे पुलिस और राज्य के गृह विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पुलिस चौकी और सुरक्षा व्यवस्था मौजूद होने के बावजूद हमलावर हथियार लेकर अदालत जैसे संवेदनशील इलाके में कैसे पहुंच गए। हमले में घायल व्यक्ति की पहचान मंदार किवाले के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 5-6 हमलावरों ने अदालत के गेट के पास मंदार पर दिनदहाड़े गोलियां चलाईं और फिर दरांती से हमला किया। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण शिक्षा का केंद्र, सांस्कृतिक राजधानी और सुरक्षित शहर माने जाने वाले पुणे की पहचान प्रभावित हो रही है। उन्होंने इसे दुखद और गुस्सा दिलाने वाली स्थिति बताया। सुले ने सवाल उठाया कि अदालत परिसर, जिसे आम नागरिक न्याय का मंदिर मानते हैं, वहां दिनदहाड़े खून-खराबा हो रहा है तो शहर के आम लोग अपनी सुरक्षा के लिए कहां जाएं? उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर में पुलिस चौकी, सुरक्षा इंतजाम और पुलिस की मौजूदगी रहती है। इसके बावजूद हमलावर हथियार लेकर वहां पहुंचे और वारदात को अंजाम देने की हिम्मत कैसे जुटा पाए? उनके मुताबिक, ऐसी घटनाएं अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का डर खत्म होने की ओर इशारा करती हैं। बारामती की सांसद ने पुणे में कोयता गैंग की घटनाओं, गोलीबारी, सार्वजनिक सड़कों पर हत्याओं और महिलाओं के खिलाफ अपराधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने सवाल किया कि क्या शहर में वास्तव में कानून-व्यवस्था कायम है? यदि अदालत जैसी संवेदनशील जगह पर नागरिक सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर के दूसरे इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? सुप्रिया सुले ने अपराध पर नियंत्रण को लेकर पुणे पुलिस और राज्य के गृह विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या पुलिस और गृह विभाग अपराधियों के मन में कानून का डर पैदा करने में नाकाम रहे हैं? उन्होंने पुणे पुलिस आयुक्त और राज्य के गृह विभाग से घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। सुले ने कहा कि केवल आश्वासन देने या कागजों पर कार्रवाई करने से शहर में अपराध नहीं रुकेंगे। कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है, ताकि पुणे के नागरिक बिना किसी डर के रह सकें। उन्होंने अपनी पोस्ट में महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पुणे सिटी पुलिस को भी टैग किया।
