भिवंडी में चिकन शोरमा खाने से 56 लोगों को फूड पॉइजनिंग, अस्पताल में भर्ती

वंजारी नाका स्थित दुकान से खरीदा था शोरमा, एक साल से कम उम्र के बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी प्रभावित, कुछ महीने पहले 107 लोग हुए थे बीमार

भिवंडी। शहर के वंजारी नाका इलाके में एक दुकान से चिकन शोरमा खाने के बाद 56 लोगों को फूड पॉइजनिंग हो गई। उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत के बाद सभी को स्व. इंदिरा गांधी स्मृति उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक साल से कम उम्र के बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, उपचार के बाद सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उनका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को वंजारी नाका इलाके की एक दुकान से कई लोगों ने चिकन शोरमा खरीदा था। इसे खाने के बाद मंगलवार दोपहर से लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में एक ही परिवार के चार सदस्यों को परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। धीरे-धीरे मरीजों की संख्या बढ़ती गई। मंगलवार रात तक 34 लोग अस्पताल पहुंच चुके थे, जबकि बुधवार सुबह यह संख्या बढ़कर 56 हो गई। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, मरीजों को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत है। उपचार के बाद सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल की अधीक्षिका डॉ. माधवी पंदारे ने नागरिकों से खुले में बिकने वाले और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग खानपान में सावधानी बरतें और पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन को प्राथमिकता दें। भिवंडी में फूड पॉइजनिंग की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। कुछ महीने पहले भी इसी तरह की घटना में 107 लोग बीमार हुए थे। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने शहर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि खुले में खाद्य पदार्थ बेचने वाले स्थानों पर निगरानी और जांच की जरूरत है। अब सवाल यह है कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद महानगरपालिका प्रशासन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाएगा। खासकर छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के भी प्रभावित होने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *