ब्रेकिंग: ठाणे में उद्धव ठाकरे गुट के नेता प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या
मनोरमा नगर-गणेशनगर इलाके में दो नकाबपोश हमलावरों ने की फायरिंग; अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, हमलावर फरार

इंद्र यादव/ठाणे। उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के ठाणे विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर (बाळा पूर्णेकर) पर मंगलवार रात अचानक हमला हुआ। दो नकाबपोश हमलावरों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना ठाणे के मनोरमा नगर/गणेशनगर (मानपाड़ा) इलाके में इंफिनिटी मॉल और आर मॉल के पास हुई। प्रदीप पूर्णेकर वहां मौजूद थे, तभी अचानक दो नकाबपोश हमलावर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दो राउंड फायरिंग की। गोली लगने के बाद पूर्णेकर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल उनकी मदद की और उन्हें नजदीक स्थित इंफिनिटी हॉस्पिटल, आर मॉल के पास, ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर थी। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ गवाहों के बयान जुटा रही है। हमले के पीछे व्यक्तिगत दुश्मनी थी या कोई राजनीतिक वजह, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हमलावर फरार हैं और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्रदीप पूर्णेकर शिवसेना (यूबीटी) के ठाणे विभाग प्रमुख थे। हाल ही में हुए ठाणे महानगरपालिका चुनाव में उनके परिवार के सदस्य भी चुनाव मैदान में उतरे थे। उनकी पत्नी विजेता पूर्णेकर और भाई जयनाथ पूर्णेकर ने मनोरमा नगर प्रभाग से चुनाव लड़ा था। प्रदीप पूर्णेकर की हत्या की खबर सामने आने के बाद शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक और आक्रोश है। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए ठाणे की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है। फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और हमलावर फरार हैं।
