Thursday, February 5, 2026
Google search engine
HomeIndiaअमेरिका में पुस्तक संस्कृति

अमेरिका में पुस्तक संस्कृति

विवेक रंजन श्रीवास्तव
अमेरिका में पुस्तक व्यवसाय एक परिपक्व उद्योग के रूप में विकसित हुआ है। पुस्तक प्रकाशन केवल व्यवसायिक गतिविधि नहीं बल्कि संगठित सांस्कृतिक व्यवस्था है। बड़े प्रकाशक समूह, स्वतंत्र प्रकाशन गृह, ई बुक और ऑडियो बुक प्लेटफार्म एक साथ सक्रिय हैं। अमेजन जैसे ऑनलाइन विक्रेताओं ने वितरण को वैश्विक बनाया है जबकि स्थानीय बुक स्टोर अब सांस्कृतिक केंद्र की भूमिका भी निभा रहे हैं। पाठक की पसंद में विविधता है। उपन्यास के साथ साथ नॉन फिक्शन, आत्मकथाएँ, बिजनेस, सेल्फ हेल्प, विज्ञान और बच्चों का साहित्य निरंतर लोकप्रिय है। पढ़ने की आदतें भी बदली हैं। प्रिंट के साथ डिजिटल और ऑडियो फॉर्मेट समानांतर चलते हैं। सार्वजनिक परिवहन में ऑडियो बुक सुनना और घर पर ई रीडर पर पढ़ना सामान्य व्यवहार बन चुका है। अमेरिका में लेखक पुस्तक प्रकाशन के लिए कई रास्ते अपनाते हैं, पारंपरिक प्रकाशन में लेखक अपनी पांडुलिपि एजेंट के माध्यम से या कभी सीधे प्रकाशक को भेजता है और स्वीकृति मिलने पर अनुबंध होता है। जिसमें रॉयल्टी सामान्यतः मुद्रित पुस्तकों पर आठ से पंद्रह प्रतिशत और ई बुक पर अधिक तय की जाती है। प्रकाशक संपादन, आवरण, मुद्रण और वितरण की जिम्मेदारी संभालता है। पुस्तक बुक स्टोर, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और पुस्तकालयों तक पहुँचती है। इसके समानांतर स्वप्रकाशन भी तेजी से लोकप्रिय हुआ है जहाँ लेखक स्वयं अमेजन किंडल डायरेक्ट पब्लिशिंग जैसे प्लेटफार्म पर पुस्तक अपलोड करता है, लागत और नियंत्रण उसके ही हाथ में रहता है और रॉयल्टी भी कहीं अधिक होती है। इस व्यवस्था में लेखक केवल रचनाकार नहीं रहता बल्कि वह अपने लेखन का उद्यमी भी बन जाता है, जो प्रचार, पाठक संवाद और बिक्री रणनीति में सक्रिय भूमिका निभाता है। अमेरिका में पब्लिक लाइब्रेरी प्रणाली लोकतांत्रिक ज्ञान संस्कृति की रीढ़ मानी जाती है। जर्सी सिटी की पब्लिक लाइब्रेरी प्रणाली इसका सशक्त उदाहरण है। जर्सी सिटी फ्री पब्लिक लाइब्रेरी के अंतर्गत बारह प्रमुख लाइब्रेरी हैं, जिनमें मुख्य पुस्तकालय, कई शाखाएँ और एक मोबाइल पुस्तकालय (बुकमोबाइल) शामिल हैं। अंग्रेजी के साथ स्पेनिश और अन्य भाषाओं की पुस्तकें सहज उपलब्ध हैं। यहाँ केवल पुस्तकें ही नहीं बल्कि डिजिटल डेटाबेस, ई बुक, ऑडियो बुक, बच्चों के लिए रीडिंग प्रोग्राम, वरिष्ठ नागरिकों के लिए साक्षरता गतिविधियाँ और नौकरी खोज से जुड़े संसाधन भी उपलब्ध कराए जाते हैं। सुविधा युक्त पुस्तकालय भवन, अध्ययन, संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए खुले सार्वजनिक स्थान के रूप में उपयोग किए जाते हैं। पुस्तकालयों में बुजुर्गों एवं बच्चों की गतिविधियों के अनेक प्रसंग मेरे देखने में आए। पुस्तकालय निशुल्क हैं। समग्र रूप से देखा जाए तो अमेरिका में पुस्तक व्यवसाय बाजार की गति से संचालित है जबकि पब्लिक लाइब्रेरी व्यवस्था सामाजिक संतुलन बनाए रखती है। जर्सी सिटी जैसे बहुसांस्कृतिक शहर में पुस्तकालय बचपन से ही पढ़ने की अभिरुचि को विकसित करने का माध्यम है और यह सिद्ध करता है कि तकनीक के युग में भी पुस्तक और पाठक के बीच संबंध कमजोर नहीं पड़ा है बल्कि नए रूपों में और व्यापक हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments