मुंबई में कचरा प्रबंधन और मिठी नदी पुनरुद्धार के लिए बीएमसी के प्रयास संतोषजनक: मंत्री पंकजा मुंडे

पर्यावरण मंत्री ने बीएमसी मुख्यालय में की समीक्षा बैठक, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण और मलबा प्रबंधन कार्यों पर भी हुई चर्चा

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा ठोस कचरा प्रबंधन, निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे के निस्तारण और मिठी नदी के पुनरुद्धार के लिए किए जा रहे कार्य प्रभावी एवं संतोषजनक हैं। इसके साथ ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (मलजल शोधन केंद्रों) के निर्माण की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है। यह बात महाराष्ट्र की पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन तथा पशुसंवर्धन मंत्री पंकजा मुंडे ने कही। सोमवार को बीएमसी मुख्यालय में पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे की अध्यक्षता में ठोस कचरा प्रबंधन, मलजल निकासी व्यवस्था और मिठी नदी के पुनरुद्धार से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महानगरपालिका द्वारा इन क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। पंकजा मुंडे ने कहा कि मुंबई में कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, निर्माण कार्यों से निकलने वाले मलबे के उचित निस्तारण और मिठी नदी के पुनरुद्धार के लिए महानगरपालिका प्रभावी ढंग से काम कर रही है। उन्होंने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण की दिशा में चल रही प्रक्रिया पर भी संतोष व्यक्त किया। बैठक में मुंबई की महापौर रितू तावडे, उपमहापौर संजय घाडी, महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पश्चिम उपनगर) डॉ. विपिन शर्मा, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे, उपायुक्त (आयुक्त कार्यालय) प्रशांत गायकवाड और उपायुक्त (ठोस कचरा प्रबंधन) किरण दिघावकर उपस्थित रहे। इसके अलावा महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल और बृहन्मुंबई महानगरपालिका के संबंधित विभागों के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *