दहिसर में बीएमसी का अतिक्रमण पर बुलडोजर: डीपी रोड चौड़ीकरण में बाधक 19 निर्माण ध्वस्त

मुंबई। मुंबई की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात सुगम बनाने के लिए बीएमसी का ‘पैदल यात्री प्रथम’ अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत बुधवार, 18 नवंबर को दहिसर के आर उत्तर विभाग स्थित पाटिलवाड़ी इलाके में विकास योजना (डीपी) सड़क के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे 19 निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। बीएमसी की इस कार्रवाई में करीब 70 मीटर लंबा और 18.30 मीटर चौड़ा सड़क मार्ग अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इससे पहले इस हिस्से में सड़क की चौड़ाई महज 4 मीटर थी। सड़क चौड़ीकरण का रास्ता साफ होने से लोकनेते गोपीनाथ मुंडे उद्यान के आसपास यातायात की समस्या कम होने की उम्मीद है। इस कार्रवाई का लाभ मंडपेश्वर गुफाओं, जेबीसीएन स्कूल, दहिसर गांवठाण और मेरी इमैक्युलेट स्कूल के आसपास के नागरिकों को मिलेगा। अतिक्रमण हटाने के अभियान के लिए एक जेसीबी, दो डंपर, पांच अभियंता और 16 कर्मचारियों की टीम तैनात की गई थी। उप आयुक्त (परिमंडल-7) मनीष वळंजू और आर उत्तर विभाग के सहायक आयुक्त रोहित त्रिवेदी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। बीएमसी ने संबंधित सड़क विभाग को मुक्त कराए गए हिस्से पर तत्काल सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क बनाने और निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसे यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं।
