महापरिनिर्वाण दिवस पर चैत्यभूमि में उमड़ेगा 15 लाख अनुयायियों का सैलाब, सीएम फडणवीस ने तैयारियों की समीक्षा की

दादर स्टेशन का नाम ‘चैत्यभूमि’ करने की प्रक्रिया आगामी विधानसभा अधिवेशन में होगी पूरी, सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और सुविधाओं के लिए प्रशासन को दिए निर्देश

मुंबई। भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के 70वें महापरिनिर्वाण दिवस पर 5 और 6 दिसंबर को चैत्यभूमि तथा शिवाजी पार्क परिसर में करीब 15 लाख अनुयायियों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को विधान भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, भोजन और यातायात की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा अजित पवार सहित वरिष्ठ मंत्री, पुलिस अधिकारी, रेलवे, मुंबई महानगरपालिका और विभिन्न बौद्ध संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर साल देशभर से लाखों अनुयायी चैत्यभूमि पहुंचते हैं। इसलिए पिछले वर्षों की व्यवस्थाओं में सामने आई कमियों को दूर कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पुलिस और गृह विभाग को चैत्यभूमि तथा आसपास के क्षेत्रों में धरना, प्रदर्शन और आंदोलनों पर प्रतिबंध लगाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। यातायात सुचारु रखने के लिए ऑटोरिक्शा के प्रवेश, सार्वजनिक परिवहन और रेलवे सेवाओं के बीच समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने राज्यभर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाओं की सफाई और सौंदर्यीकरण के कार्यों को अगले पांच से सात दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने इंदू मिल स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक के शेष निर्माण कार्यों के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।
दादर स्टेशन का नाम होगा ‘चैत्यभूमि’: मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि दादर रेलवे स्टेशन का नाम ‘चैत्यभूमि’ करने के प्रस्ताव को राज्य सरकार सैद्धांतिक मंजूरी दे चुकी है और केंद्र सरकार को पत्र भी भेजा गया है। केंद्र के मार्गदर्शन के अनुसार आवश्यक विधायी प्रक्रिया आगामी विधानसभा अधिवेशन में पूरी की जाएगी। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि श्रद्धालुओं के ठहरने, आराम और भोजन के लिए बड़े मंडप तथा जर्मन हैंगर बनाए जाएंगे। पेयजल, स्वच्छता, पुलिस बंदोबस्त और रेलवे सेवाओं में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुंबई में प्रवेश करने वाले वाहनों को टोल में छूट देने के प्रस्ताव पर भी सकारात्मक विचार किया जाएगा। वहीं, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने सभी सरकारी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। बैठक में समन्वय समिति के महासचिव नागसेन कांबले सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सुझाव रखे। सरकार ने भरोसा दिलाया कि देशभर से आने वाले अनुयायियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *