गणेश विसर्जन के लिए BMC तैयार, गिरगांव-दादर चौपाटी पर आयुक्त अश्विनी भिड़े ने जांचीं व्यवस्थाएं
छोटी गणेश प्रतिमाओं के लिए अधिक कृत्रिम तालाब बनाने पर जोर, बड़ी मूर्तियों के विसर्जन के लिए मुफ्त मिलेगी क्रेन सुविधा

मुंबई। गणेशोत्सव के दौरान श्रीगणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े ने स्वराज्यभूमि (गिरगांव चौपाटी) और दादर चौपाटी का दौरा कर विसर्जन के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन स्थलों पर आने वाले गणेश भक्तों को सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। विसर्जन प्रक्रिया सुरक्षित और अनुशासित तरीके से पूरी हो तथा पर्यावरण अनुकूल विसर्जन को बढ़ावा मिले, इसके लिए की गई व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। अश्विनी भिड़े ने स्पष्ट किया कि गणेशोत्सव के दौरान नागरिकों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित विभाग पूरी सतर्कता के साथ काम करें। उन्होंने विसर्जन स्थलों पर एकत्र होने वाले निर्माल्य से खाद तैयार करने की प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए। आयुक्त ने गिरगांव और दादर चौपाटी के समुद्र तटों को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त रखने के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा। इसके साथ ही छोटी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अधिक से अधिक कृत्रिम तालाब उपलब्ध कराने और बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए गणेश मंडलों एवं भक्तों को मुफ्त क्रेन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण दौरे में उपायुक्त (आयुक्त कार्यालय) प्रशांत गायकवाड, उपायुक्त (परिमंडल-1) चंदा जाधव, उपायुक्त (परिमंडल-2) एवं गणेशोत्सव समन्वयक प्रशांत सपकाळे, डी विभाग के सहायक आयुक्त संतोष साळुंखे और जी/उत्तर विभाग के सहायक आयुक्त योगेश देसाई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
