पीएम मोदी के जन्मदिन से भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’, एक महीने तक चलेंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक मंडल और बूथ स्तर पर सेवा गतिविधियां; रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता और स्वदेशी प्रोत्साहन पर रहेगा जोर

बालाघाट, मध्यप्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भारतीय जनता पार्टी बालाघाट जिले में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेगी। 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत मंडल और बूथ स्तर पर 13 प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी गई। पत्रकार वार्ता की मुख्य वक्ता पूर्व सांसद एवं सिवनी की पूर्व विधायक तथा भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष नीता पटेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान आयोजित किया जा रहा है।
‘25 वर्षों का कार्यकाल भारत के लिए स्वर्णिम अध्याय’
नीता पटेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और अंत्योदय के संकल्प को समर्पित रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनकी 25 वर्षों की यात्रा को उन्होंने भारत के विकास का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता एक महीने तक जनता के बीच रहकर विभिन्न सेवा गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, ‘एक पेड़ मां के नाम’, स्वच्छता अभियान, टीबी मुक्त भारत एवं निक्षय मित्र, ‘आंगन का मिलन-आंगनबाड़ी’, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’, ‘कहानी बदलाव की’, सेवा ज्योति यात्रा, ‘सेवा के रंग’, वोकल फॉर लोकल एवं स्वदेशी प्रोत्साहन और जनसेवक महाकुंभ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे ने कहा कि संगठन स्तर पर अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जिले के सभी मंडलों में कार्यक्रमों के संचालन के लिए जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि सेवा अभियान का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचे। सांसद भारती पारधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व स्तर पर भारत का मान बढ़ा है। उन्होंने अभियान को जनता के प्रति जवाबदेही और सेवा भाव से जुड़ा कार्यक्रम बताते हुए बालाघाट संसदीय क्षेत्र के नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं से इसमें भागीदारी का आह्वान किया। पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट निशांत बिसेन और सेवा संकल्प अभियान के जिला प्रभारी संजय मिश्रा ने भी कार्यक्रमों की जानकारी दी। संचालन जिला मीडिया प्रभारी हेमेंद्र क्षीरसागर ने किया, जबकि जिला मीडिया सह प्रभारी जितेंद्र ‘जित्तू’ चौधरी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पत्रकार उपस्थित रहे।
