उन्नाव में बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा सियासी दावा, बोले- 2027 के लिए तीसरा गठबंधन तैयार

पूर्व सांसद ने गठबंधन में शामिल दलों के नाम बताने से किया परहेज, बोले- पूर्वांचल के चुनावी समीकरण जानता हूं, लेकिन बताऊंगा नहीं, अनिल सिंह के दबदबे पर भी दिया बयान

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उन्नाव में बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए तीसरा गठबंधन तैयार हो गया है। हालांकि, उन्होंने गठबंधन में शामिल राजनीतिक दलों के नाम और उसकी रणनीति का खुलासा नहीं किया।बृजभूषण शरण सिंह सोमवार को भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के रिशाल खेड़ा स्थित आरआर रिजॉर्ट के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। दोपहर करीब एक बजे निजी हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे पूर्व सांसद ने रिजॉर्ट का उद्घाटन किया। इस दौरान गोल्डी राजा समेत कई राजनीतिक और स्थानीय चेहरे मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कई सवालों के जवाब दिए।2027 में तीसरे गठबंधन की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि तीसरा गठबंधन तैयार हो गया है। हालांकि, गठबंधन में कौन-कौन शामिल है, इस सवाल पर उन्होंने चुप्पी साध ली। पूर्वांचल के चुनावी समीकरणों को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह वहां के राजनीतिक समीकरणों को अच्छी तरह जानते हैं, लेकिन फिलहाल कुछ बताएंगे नहीं।अखिलेश यादव से जुड़े सवालों पर भी उन्होंने संभलकर जवाब दिया और कहा कि इसका गलत मतलब निकाल लिया जाएगा। वहीं, भगवंतनगर विधायक अनिल सिंह के राजनीतिक प्रभाव को लेकर हुई चर्चा में उनके नाम और दबदबे का जिक्र हुआ। बातचीत के दौरान टिप्पणी की गई कि नाम और दबदबा अनिल सिंह का है और आगे भी रहेगा, चाहे कोई आए या जाए। इस बयान को भगवंतनगर की स्थानीय राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।कार्यक्रम में सांसद साक्षी महाराज से भी आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी सक्रियता को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह विधानसभा चुनाव में दिखाई देंगे। उन्नाव में उनकी लगातार मौजूदगी और भगवंतनगर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठे।बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान, लोधी समाज से जुड़े राजनीतिक मुद्दों और कुंडा में आयोजित कथा को लेकर भी सवाल पूछे गए। राजा भैया से जुड़े सवाल पर कहा गया कि कथा सुनाने वाले व्यास के उनसे अच्छे संबंध हैं, लेकिन आयोजन का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। यह आयोजन कई साल पहले से प्रस्तावित था और इसे सनातन धर्म, हिंदू धर्म तथा आम जनता के लिए कराया जा रहा है। यूजीसी के मुद्दे पर राजा भैया के बयान का समर्थन करते हुए वक्ता ने कहा कि यूजीसी न कभी था, न है और न आएगा।पत्रकारों ने औद्योगिक क्षेत्रों में फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया। असोहा क्षेत्र के औद्योगिक इलाकों में कुछ फैक्ट्रियों पर चमड़ा जलाने और धुआं फैलाने के आरोपों के साथ ईंट-भट्ठों की निगरानी, पुराने वाहनों पर कार्रवाई और पराली व गन्ने की पत्तियां जलाने से होने वाले प्रदूषण पर सवाल किए गए। इस दौरान प्रशासनिक निगरानी और प्रदूषण नियंत्रण की जरूरत पर चर्चा हुई।आरआर रिजॉर्ट के उद्घाटन समारोह में कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं और स्थानीय राजनीतिक चेहरों की मौजूदगी रही। हालांकि, समारोह की सबसे ज्यादा चर्चा बृजभूषण शरण सिंह के तीसरे गठबंधन को लेकर किए गए दावे और भगवंतनगर की राजनीति में अनिल सिंह के दबदबे पर हुई टिप्पणी को लेकर रही। अब देखना होगा कि 2027 के चुनाव से पहले तीसरे गठबंधन को लेकर उनका यह दावा प्रदेश की राजनीति में क्या नया समीकरण खड़ा करता है।कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि अमितेश सिंह नंदू, भाजपा नेता गोल्डी सिंह, समाजसेवी पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, संदीप सिंह, सौरभ सिंह, सतेंद्र सिंह, संतोष मिश्रा सहित तमाम सदस्य मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *