9 लाख रुपये की रिश्वतखोरी में बैंक ऑफ बड़ौदा का शाखा प्रबंधक और दो एजेंट गिरफ्तार
1.80 करोड़ रुपये का लोन मंजूर कराने के लिए मांगी थी 5 प्रतिशत कमीशन, CBI ने 50 हजार रुपये लेते एक एजेंट को रंगेहाथ पकड़ा

देहरादून। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के शाखा प्रबंधक और दो डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (DSA) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 1.80 करोड़ रुपये का ऋण मंजूर कराने और वितरित कराने के बदले आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 9 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। CBI ने 19 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस मामले में 18 नवंबर 2026 को शाखा प्रबंधक और तीन निजी व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने 1.80 करोड़ रुपये के ऋण की मंजूरी और वितरण में मदद करने के एवज में ऋण राशि का 5 प्रतिशत यानी 9 लाख रुपये रिश्वत के रूप में मांगे थे। आरोप है कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता से पहले ही 2.50 लाख रुपये नकद प्राप्त कर लिए थे और शेष 6.50 लाख रुपये देने का दबाव बना रहे थे। आरोपियों के निर्देश पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक भी दिए थे, जिनकी कुल राशि 6 लाख रुपये थी। इसके अलावा 50 हजार रुपये नकद देने की बात कही गई थी। CBI ने 18 नवंबर को जाल बिछाकर एक डायरेक्ट सेलिंग एजेंट को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक और एक अन्य DSA को भी गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी ने गिरफ्तार आरोपियों के आवासीय परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया, जहां से आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी जब्त की गई। तीनों आरोपियों को देहरादून की सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। CBI की पुलिस हिरासत रिमांड की अर्जी पर 23 नवंबर 2026 को सुनवाई होनी निर्धारित है। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
