तुकाराम मुंढे की एक और सख्ती: शादी समारोहों में भोजन व्यवस्था की जानकारी FDA को देना होगा अनिवार्य!

मुंबई। महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में विभाग की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावटखोरी पर शिकंजा कसने के बाद अब शादी समारोहों में भोजन व्यवस्था को लेकर भी नई सख्ती की जा रही है। घर में शादी समारोह आयोजित कर भोजन की व्यवस्था करने वाले आयोजकों को FDA को इसकी जानकारी देनी होगी। इसमें भोजन करने वाले लोगों की संख्या, तैयार किए जाने वाले व्यंजनों और केटरर्स का विवरण शामिल करना होगा। इस पहल का उद्देश्य शादी समारोहों में फूड पॉइजनिंग की घटनाओं पर रोक लगाना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इसी बीच दिवाली के दौरान FDA ने मिलावटखोरों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। 15 अक्टूबर से 3 नवंबर तक राज्यभर में 3,332 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 326 खाद्य व्यवसाय लाइसेंस एवं पंजीकरण निलंबित किए गए, जबकि 15 लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई। विभाग ने 1,501 सुधार नोटिस जारी किए और 3,864 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए। इस अभियान में 44.37 करोड़ रुपये मूल्य का 1,886.44 मीट्रिक टन खाद्य स्टॉक जब्त किया गया। वहीं, 1 सितंबर से 3 नवंबर 2026 तक चलाए गए राज्यव्यापी प्रवर्तन अभियान में 9,667 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कुल 63.45 करोड़ रुपये मूल्य का खाद्य स्टॉक जब्त किया गया। इस दौरान 4,603 सुधार नोटिस जारी किए गए तथा 954 खाद्य व्यवसाय लाइसेंस एवं पंजीकरण निलंबित किए गए। 25 लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
मुंबई में भी FDA की बड़ी कार्रवाई
दिवाली अभियान के दौरान मुंबई में 1,037 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। 583 सुधार नोटिस जारी किए गए और 76 लाइसेंस निलंबित किए गए। चार लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों ने 438 खाद्य नमूने एकत्र किए और 92.82 लाख रुपये मूल्य का 28.745 मीट्रिक टन खाद्य स्टॉक जब्त किया। FDA की कार्रवाई में खाद्य तेल, मसाले, नमक, दुग्ध उत्पाद, घी, खोया-मावा, मिठाइयां और सूखे मेवे शामिल रहे। विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों, प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल, गलत लेबलिंग और असुरक्षित भंडारण के खिलाफ जांच तेज कर दी है। अन्य राज्यों से आने वाले खोया-मावा की निगरानी भी बढ़ाई गई है। FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस सख्ती से खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
