मीरा-भाईंदर में कथित वेश्यावृत्ति गिरोह का भंडाफोड़, महिला एजेंट गिरफ्तार

41 और 32 वर्ष की दो महिलाएं मुक्त; दूसरी एजेंट फरार, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

मुंबई। महाराष्ट्र के मीरा-भाईंदर-वसई-विरार में नवघर पुलिस ने कथित वेश्यावृत्ति गिरोह का भंडाफोड़ कर एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया है और दो महिलाओं को मुक्त कराया है। नवघर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक मुकुंद यादव ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपी कथित तौर पर मुंबई, ठाणे, मीरा-भाईंदर, लोनावला और गोवा के होटल-रेस्तरां में ग्राहकों के लिए महिलाओं की व्यवस्था करती थी।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला एजेंट भाईंदर पूर्व स्थित एक होटल के पास महिलाओं को पहुंचाने आने वाली है। इसके बाद बुधवार को पुलिस टीम ने एक नकली ग्राहक और स्वतंत्र गवाहों की मदद से जाल बिछाया और मौके पर छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बंगाली टीवी शो और मॉडलिंग से जुड़ी थीं महिलाएं
वरिष्ठ निरीक्षक यादव के अनुसार, मुक्त कराई गई 41 और 32 वर्ष की दोनों महिलाएं तथा गिरफ्तार आरोपी बंगाली टीवी धारावाहिकों, टॉक शो, मॉडलिंग और फोटोशूट में काम कर चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में एक अन्य महिला एजेंट फरार है। उसकी तलाश के साथ कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। नवघर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मुक्त कराई गई महिलाओं को आश्रय गृह भेजने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *