9 अक्टूबर को बलिया और देवरिया जाएंगे अखिलेश यादव, दिवंगत सपा नेताओं को देंगे श्रद्धांजलि
राम गोविंद चौधरी और सुरेश यादव के परिजनों से मिलकर जताएंगे संवेदना

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 9 अक्टूबर को बलिया और देवरिया का दौरा करेंगे। इस दौरान वे पार्टी के दिवंगत वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी तथा पूर्व विधायक सुरेश यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे। पार्टी के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश यादव सुबह 10 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से रवाना होकर करीब 11 बजे आजमगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे बलिया जाएंगे। दोपहर करीब एक बजे सिकंदरपुर के चेतन किशोर मैदान स्थित हेलीपैड से कार द्वारा रवाना होकर लगभग 1:15 बजे गोसाईपुर गांव पहुंचेंगे। वहां वे राम गोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि देंगे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद अखिलेश यादव दोपहर करीब 1:45 बजे गोसाईपुर से रवाना होंगे और दो बजे हेलीपैड पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक वे करीब 2:15 बजे निजी हेलीकॉप्टर से देवरिया के लिए प्रस्थान करेंगे। देवरिया में उनका कार्यक्रम लार थाना क्षेत्र के रक्षा गांव स्थित दर्शन इंटर कॉलेज में रखा गया है। करीब 2:45 बजे वहां पहुंचकर अखिलेश यादव पूर्व विधायक और पूर्व सपा जिलाध्यक्ष सुरेश यादव को श्रद्धांजलि देंगे तथा उनके परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त करेंगे। राम गोविंद चौधरी समाजवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। बलिया के गोसाईपुर में जन्मे चौधरी आठ बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। उन्होंने चिलकहर और बाद में बांसडीह विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2017 से 2022 तक वे उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे। बलिया में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सहित अन्य नेताओं के भी पहुंचने की संभावना है। स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, प्रार्थना सभा में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और समर्थक भी शामिल होंगे।
