12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव, रामलला के दर्शन कर संतों से लेंगे आशीर्वाद

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार रामलला के दर्शन करेंगे सपा प्रमुख, धार्मिक दौरे के सियासी मायने भी अहम

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगामी 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरान वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे और हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना करेंगे। सपा नेता एवं पूर्व मंत्री पवन पांडे ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की तारीख की जानकारी दी है। पवन पांडे के मुताबिक, अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी अयोध्या पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि सपा प्रमुख का यह दौरा पूरी तरह धार्मिक होगा। अखिलेश यादव अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
रामलला के दर्शन के बाद हनुमानगढ़ी जाएंगे अखिलेश
अयोध्या प्रवास के दौरान अखिलेश यादव सबसे पहले राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह हनुमानगढ़ी पहुंचकर हनुमान जी की पूजा-अर्चना करेंगे। पूर्व मंत्री पवन पांडे के अनुसार, सपा प्रमुख साधु-संतों और महंतों से भी मुलाकात करेंगे। अखिलेश यादव अलग-अलग मठों में जाकर संतों का आशीर्वाद ले सकते हैं। इस दौरान संतों के साथ प्रसाद ग्रहण करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। उनका पूरा दिन धार्मिक गतिविधियों के बीच बीतने की संभावना है।
मंदिर में चोरी के मामले पर भी करेंगे प्रार्थना
पूर्व मंत्री पवन पांडे ने बातचीत के दौरान राम मंदिर में चोरी के मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव रामलला और हनुमान जी से प्रार्थना करेंगे तथा मंदिर में चोरी करने वालों के खिलाफ न्याय की विनती करेंगे।
सियासी लिहाज से भी अहम होगा अयोध्या दौरा
22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला अवसर होगा, जब अखिलेश यादव राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। इससे पहले भाजपा नेता रामलला के दर्शन नहीं करने को लेकर सपा प्रमुख पर लगातार निशाना साधते रहे हैं। ऐसे में 12 दिसंबर को प्रस्तावित अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परिवार के साथ रामलला के दर्शन और संतों से मुलाकात के कार्यक्रम पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *