अमेरिका में हिरासत में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गैंगस्टर हैरी बॉक्सर, बॉलीवुड हस्तियों को दे चुका है धमकियां

रोहित शेट्टी के आवास पर गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने और सलमान खान के साथ काम करने वाले कलाकारों को धमकाने के आरोपों के बाद सुरक्षा एजेंसियों की नजर में था हैरी बॉक्सर

नई दिल्ली। अमेरिकी अधिकारियों ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, हैरी बॉक्सर अमेरिका से गैंग की आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा था। हालांकि, उसकी हिरासत से जुड़े आधिकारिक विवरण सामने आने का इंतजार है। हैरी बॉक्सर उस समय सुर्खियों में आया था, जब उसने मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकियां देने के आरोप भी उस पर लगे। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और धमकी देने सहित कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं।
बॉक्सिंग से अपराध की दुनिया तक
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरि चंद जाट बताया जाता है। वह राजस्थान के अलवर जिले के नारायणपुर का रहने वाला है। बताया जाता है कि उसने कभी बॉक्सिंग का प्रशिक्षण लिया था और जयपुर में कोच के तौर पर भी काम किया था। बाद में उसका नाम विभिन्न आपराधिक मामलों में सामने आया और वह कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया। पुलिस और जांच एजेंसियों के अनुसार, हैरी बॉक्सर वर्ष 2022 से फरार था। उसके अमेरिका में रहने की आशंका जताई जा रही थी। राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में उस पर रंगदारी, लूटपाट तथा हत्या के प्रयास जैसे मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। जांच एजेंसियां उसे विदेश से गैंग की गतिविधियां संचालित करने वाले प्रमुख लोगों में शामिल मानती रही हैं।
कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग के बाद भी आया था नाम
अगस्त 2025 में कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग के बाद एक कथित ऑडियो संदेश सामने आया था। इसमें हैरी बॉक्सर द्वारा बॉलीवुड हस्तियों को अभिनेता सलमान खान के साथ काम करने पर निशाना बनाने की धमकी दिए जाने का दावा किया गया था। हैरी बॉक्सर का नाम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संगठित अपराध नेटवर्क और गैंगों के बीच बढ़ती प्रतिद्वंद्विता के संदर्भ में भी चर्चा में है। अमेरिकी अधिकारियों द्वारा उसकी हिरासत को लेकर आगे की कार्रवाई और भारत में संभावित कानूनी प्रक्रिया पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *