अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का चुनावी घोषणा-पत्र, युवाओं को 5 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ते का वादा
पुरानी पेंशन बहाली, किसानों की कर्जमाफी और 25 लाख सरकारी नौकरियों का ऐलान, जमीन कब्जाने वालों पर कार्रवाई के लिए बनेगी अलग एसटीएफ

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र जारी किया। सपा ने युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता, पुरानी पेंशन योजना की बहाली और पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है। घोषणा-पत्र में किसानों की कर्जमाफी, गन्ने का भुगतान 24 घंटे में करने, 23 फसलों और दूध पर एमएसपी की गारंटी तथा बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने की घोषणा की गई है। 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप, समाजवादी कैंटीन में 5 रुपये में भोजन और दो से तीन करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार देने का भी वादा किया गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, अवैध कब्जे, वसूली और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधी किसी भी जाति, धर्म या पार्टी का हो, उसे जेल भेजा जाएगा। जमीनों पर अवैध कब्जे रोकने के लिए अलग विशेष एसटीएफ बनाई जाएगी, जो गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों की जमीनों की सुरक्षा करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर भूमाफियाओं को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। सपा ने पीडीए और गरीब वर्ग के लोगों को दवा, भोजन और रहने की सुविधा सहित गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मुफ्त उपलब्ध कराने का वादा किया है। कैंसर संस्थान को पूरी तरह संचालित कर शोध कार्य शुरू कराने और गरीब मरीजों का मुफ्त इलाज करने की घोषणा भी की गई है। बुनियादी ढांचे के विकास के तहत तहसील स्तर तक फोरलेन सड़कें बनाने का वादा किया गया है। अखिलेश यादव ने लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट का उल्लेख करते हुए इसे देश का बेहतरीन रिवरफ्रंट बताया और कहा कि इसका काम एक किलोमीटर और पूरा हुआ होता तो शहर के भीतर साफ बहने वाली नदी का उदाहरण बन सकता था।
