अखिलेश यादव का भाजपा पर चुनाव में बेईमानी का आरोप, मतदान प्रक्रिया पर उठाए सवाल

97 बूथों पर बिना फोल्ड किए बैलेट मिलने का दावा, गोरखपुर में बिना सील का बॉक्स मिलने की भी कही बात

धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी कीर्ति कश्यप का सपा में स्वागत, कीर्ति को बिथरी से प्रत्याशी घोषित किया

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव में सपा प्रत्याशी कांति सिंह की सीट पर मतदान प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि 97 बूथों पर बिना फोल्ड किए हुए बैलेट मिले हैं। अखिलेश ने कहा कि ऐसा लग रहा है, जैसे पूरा डिब्बा वोट डालकर लाया गया हो। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर चुनाव में बेईमानी कराने का आरोप लगाया और चुनाव आयोग से मतदाता सूची दुरुस्त कराने की अपील की। उन्होंने मतदान में बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जिन क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी के समर्थक मतदाता हैं, वहां लंबी कतारें लग रही हैं और केवल एक मशीन लगाकर मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में बिना सील का बॉक्स मिला है। उनके मुताबिक, भाजपा चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सतर्क रहने की बात कही।
धर्मेंद्र कश्यप और कीर्ति कश्यप का सपा में स्वागत
अखिलेश यादव ने धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी कीर्ति कश्यप का समाजवादी पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र कश्यप के आने से पीडीए का संघर्ष मजबूत होगा और भाजपा चुनाव हारेगी। अखिलेश ने कीर्ति कश्यप को बिथरी से प्रत्याशी घोषित किया। धर्मेंद्र कश्यप ने पिछड़े वर्ग के लोगों को न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कश्यप समाज के एक दर्जन से अधिक लोगों की हत्या हो चुकी है और इन घटनाओं में जाति विशेष के लोगों का हाथ है। उन्होंने कहा कि आज अखिलेश यादव जरूरी हैं और वह समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।
केसर चीनी मिल के बकाये का मुद्दा उठाया
अखिलेश यादव ने अधिकारियों पर भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा बुनियादी सवालों पर बात नहीं करना चाहती। केसर चीनी मिल पर 162 करोड़ रुपये बकाया होने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 24 घंटे के भीतर भुगतान कराया जाएगा। उन्होंने कुछ राजनीतिक दलों पर तंज कसते हुए कहा कि प्रीपेड पार्टियों से सावधान रहना होगा। बिना किसी पार्टी का नाम लिए उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दलों का ओटीपी कहीं और से आता है और माइक तथा लाउडस्पीकर किसी और के बनकर आते हैं। उन्होंने भाजपा पर वोट हासिल करने के लिए बड़ी कंपनियों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। कैमरों में रंगों को लेकर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पता नहीं कौन-सा लेंस लगाया जाता है, जिसमें लाल रंग भी भगवा दिखाई देता है।
शिवपाल यादव ने सरकार बनने पर जांच का भरोसा दिया
सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और हर वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग मालामाल हो रहे हैं। शिवपाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच कराई जाएगी। आंवला से सांसद नीरज मौर्य ने जाति के आधार पर भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग उठाई। वहीं, अखिलेश यादव ने बसपा से आए आबिद अली का जिक्र करते हुए भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि यहां पार्टी का नाम नहीं लिया जा रहा, बल्कि गुलदस्ता लेकर आए हैं। उनके इस बयान को बसपा पर कटाक्ष के रूप में देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *