महाराष्ट्रमुंबईमुंबई उपनगर

महाराष्ट्र में AKDN की स्वास्थ्य-शिक्षा परियोजनाओं को मिलेगा सरकार का पूरा सहयोग: सीएम फडणवीस

प्रिंस रहीम आगा खान से मुख्यमंत्री की मुलाकात; बाल अस्पताल, जेरियाट्रिक अस्पताल, जल संरक्षण और जलवायु कार्रवाई सहित कई परियोजनाओं के विस्तार पर चर्चा

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (AKDN) द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिवासी विकास, कौशल विकास, जल संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी परियोजनाओं की सराहना करते हुए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग और पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने वाली परियोजनाओं के विस्तार के लिए सरकार सार्वजनिक-निजी भागीदारी के आधार पर भी सहयोग करने को तैयार है। रविवार को पांचवें आगा खान के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार महाराष्ट्र के आधिकारिक दौरे पर आए प्रिंस रहीम आगा खान ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुंबई के फेयरमोंट होटल में मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र की ओर से उनका स्वागत किया। बैठक में सामाजिक विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं, जलवायु कार्रवाई, जल प्रबंधन, विरासत संरक्षण और सार्वजनिक-निजी भागीदारी से संचालित परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री फडणवीस ने विशेष रूप से ग्रामीण महाराष्ट्र में जलसंधारण और पर्यावरण संरक्षण के लिए AKDN द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जलसंकट वाले क्षेत्रों में इन प्रयासों से गांवों में आया सकारात्मक बदलाव उल्लेखनीय है। ऐसी परियोजनाओं को बड़े क्षेत्र में लागू करने के लिए महाराष्ट्र सरकार नेटवर्क के साथ भागीदारी करने को तैयार है।
सरकार और AKDN के बीच बनेगी संस्थागत समन्वय व्यवस्था
बैठक में महाराष्ट्र सरकार और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के बीच लगातार संवाद और परियोजनाओं की निगरानी के लिए संस्थागत व्यवस्था स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से मौजूदा परियोजनाओं की समीक्षा करने और सफल योजनाओं का विस्तार करने पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई। AKDN के प्रतिनिधिमंडल ने जलवायु परिवर्तन के कारण शहरों में बढ़ती गर्मी को कम करने से जुड़े अध्ययन की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी। फडणवीस ने कहा कि हरित क्षेत्र बढ़ाने, पर्यावरण अनुकूल नियोजन और जलवायु कार्रवाई से जुड़े कार्यक्रम महाराष्ट्र के शहरों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।
बाल अस्पताल और बुजुर्गों के लिए विशेष अस्पताल का प्रस्ताव
बैठक में प्रस्तावित बाल अस्पताल, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष जेरियाट्रिक अस्पताल, पुनर्वास केंद्र, कौशल आधारित स्वास्थ्य सेवा प्रशिक्षण और अनुसंधान सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। राज्य के मेडिकल कॉलेजों के सहयोग से जेरियाट्रिक विशेषज्ञ डॉक्टरों को प्रशिक्षित करने के प्रस्ताव का मुख्यमंत्री ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग आबादी की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए विशेष स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। परियोजना से संबंधित आवश्यक जानकारी शासन स्तर पर तत्काल जुटाकर आगे सहयोग देने का आश्वासन दिया गया। सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, हरित परियोजनाओं तथा समुदाय की भागीदारी पर आधारित कार्यक्रमों के विस्तार पर भी विचार-विमर्श हुआ। AKDN ने महाराष्ट्र में इन क्षेत्रों में अपनी गतिविधियां बढ़ाने की इच्छा जताई। प्रिंस रहीम आगा खान ने महाराष्ट्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं में सहयोग का अवसर देने के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस का आभार जताया। उन्होंने राज्य सरकार के साथ मिलकर स्वास्थ्य, पर्यावरण, कौशल विकास और सामाजिक विकास से जुड़ी परियोजनाओं को व्यापक स्तर पर लागू करने तथा नए क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की। बैठक में कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा, सांस्कृतिक कार्य मंत्री एड. आशीष शेलार, विधायक अमीन पटेल, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव लोकेश चंद्र तथा मुख्य राजशिष्टाचार अधिकारी एवं सचिव डॉ. राजेश गवांदे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। राज्य सरकार के नवस्थापित राजशिष्टाचार, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, प्रवासी भारतीय विषयक एवं अंतरराष्ट्रीय संपर्क विभाग की ओर से बैठक के लिए आवश्यक समन्वय किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *