JIPMER से MBBS पूरा कर आकाश यादव ने बढ़ाया भदोही का मान

भदोही, उत्तर प्रदेश। दुर्गागंज क्षेत्र के मिश्राइनपुर गांव निवासी युवा आकाश यादव ने देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान जवाहरलाल स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (JIPMER), पुडुचेरी से एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी कर अपने परिवार, गांव और पूरे भदोही जिले का नाम रोशन किया है। आकाश की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है और ग्रामीण भी उनकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं। आकाश की इस कामयाबी के पीछे उनके पिता धर्म राज यादव का वर्षों का संघर्ष और परिवार का त्याग जुड़ा हुआ है। वर्ष 2008 में धर्म राज यादव काम की तलाश में पुडुचेरी पहुंचे थे। वहां उन्होंने इंटेग्रा सॉफ्टवेयर कंपनी में काम शुरू किया और सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए लगातार प्रयास करते रहे। इसी प्रयास के तहत आकाश का दाखिला पुडुचेरी के आदित्य विद्याश्रम स्कूल में कराया गया। आकाश ने पढ़ाई में अपनी प्रतिभा साबित करते हुए सीबीएसई बोर्ड की दसवीं परीक्षा में 94 प्रतिशत और बारहवीं में 93 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर बनने का लक्ष्य निर्धारित कर नीट की तैयारी शुरू की। स्कूल और एलन कोचिंग सेंटर, पुडुचेरी से मार्गदर्शन लेते हुए उन्होंने वर्ष 2020 में JIPMER के एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश हासिल किया। वर्षों की पढ़ाई और मेडिकल प्रशिक्षण पूरा करने के बाद संस्थान के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ऑडिटोरियम में आयोजित 15वें दीक्षांत समारोह में उन्हें एमबीबीएस की डिग्री प्रदान की गई। अब आकाश मास्टर ऑफ सर्जरी (MS) की पढ़ाई के लिए तैयारी कर रहे हैं। उनका सपना आगे चलकर अपने गृह जनपद भदोही में अस्पताल स्थापित कर स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उनकी यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। आकाश की उपलब्धि यह भी साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत, सही मार्गदर्शन और परिवार का सहयोग मिले तो छोटे गांव से निकलकर भी देश के प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंचा जा सकता है।
