HomeCrimeवायरल वीडियो में महिला से मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रेलवे पुलिस...

वायरल वीडियो में महिला से मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रेलवे पुलिस की 12 घंटे में कार्रवाई

मुंबई। लोकल ट्रेन में एक महिला के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अंधेरी रेलवे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान मोहम्मद रिजवान अंसारी (36), निवासी गोवंडी, मुंबई के रूप में की है।पुलिस के अनुसार, घटना 5 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे गोरेगांव से सीएसएमटी की ओर जा रही लोकल ट्रेन में हुई। आरोपी जोगेश्वरी स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। डिब्बे में सीट पर बैठने को लेकर उसका एक महिला से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने महिला के साथ विनयभंग किया, अश्लील गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो किसी यात्री ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।वीडियो सामने आने के बाद रेलवे पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी और पीड़ित महिला की पहचान तथा तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और अन्य माध्यमों से जांच करते हुए आरोपी को गोवंडी से हिरासत में लिया। वहीं, महिला शिकायतकर्ता के तत्काल पुलिस थाने में उपस्थित नहीं होने पर अंधेरी रेलवे पुलिस ने उसकी भी तलाश शुरू की।पूछताछ और महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ गु.र.क्र. 195/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 296 और 115 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।यह कार्रवाई रेलवे पुलिस आयुक्त राकेश एम. कलासागर, पुलिस उपायुक्त सुनीता ठाकरे और सहायक पुलिस आयुक्त किशोर शिंदे के मार्गदर्शन में वडाला रेलवे पुलिस थाना एवं अंधेरी रेलवे पुलिस थाना की टीमों ने की। पुलिस ने वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच कर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments