
छत्रपति संभाजीनगर। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कैंटोनमेंट क्षेत्र स्थित होली क्रॉस मराठी हाई स्कूल की हेडमिस्ट्रेस को 300 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मारिया जोस एस्टिबेरो (52) के रूप में हुई है। एसीबी के अनुसार, आरोपी हेडमिस्ट्रेस ने एक पूर्व छात्र से स्कूल-लीविंग सर्टिफिकेट जारी करने के बदले 500 रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता को निजी कार्य के लिए इस प्रमाणपत्र की आवश्यकता थी, जिसके लिए उसने संबंधित स्कूल में संपर्क किया था। आरोप है कि आवश्यक दस्तावेज़ भेजे जाने के बावजूद हेडमिस्ट्रेस ने स्पष्ट कर दिया था कि बिना पैसे दिए प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जाएगा। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए 7 अप्रैल को एसीबी से संपर्क कर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 8 अप्रैल को एसीबी ने सत्यापन प्रक्रिया पूरी की, जिसमें आरोपी ने 500 रुपए के बजाय 300 रुपएस्वीकार करने पर सहमति जताई।
जाल बिछाकर रंगे हाथों गिरफ्तारी
योजना के तहत गुरुवार दोपहर एसीबी टीम ने हेडमिस्ट्रेस के कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही उन्होंने शिकायतकर्ता से ₹300 की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर ही उन्हें पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान उनके पास से रिश्वत की राशि के अलावा करीब ₹15,000 मूल्य का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। मामले में कैंटोनमेंट पुलिस स्टेशन में केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि आरोपी के घर की तलाशी भी ली जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक माधुरी केदार कांगणे के मार्गदर्शन में की गई। टीम में पुलिस निरीक्षक चैनसिंह गुसिंगे, वाल्मीकि कोरे, राजेंद्र नंदिले, सचिन बारसे, आशा कुंटे और चांगदेव बागुल शामिल थे।




