तीन एक्सप्रेस ट्रेनों में स्थायी रूप से बढ़ेंगे AC और स्लीपर कोच, यात्रियों को मिलेंगी ज्यादा सीटें
पनवेल-नांदेड, हडपसर-नांदेड और हडपसर-हरंगुल एक्सप्रेस में लगेंगे तीन-तीन अतिरिक्त कोच, पनवेल-सूबेदारगंज स्पेशल के भी 10 अतिरिक्त फेरे

मुंबई। रेल यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को देखते हुए मध्य रेल ने तीन महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों की कोच क्षमता स्थायी रूप से बढ़ाने का निर्णय लिया है। पनवेल-नांदेड, हडपसर-नांदेड और हडपसर-हरंगुल एक्सप्रेस में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर और स्लीपर श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त एलएचबी कोच लगाया जाएगा। यानी प्रत्येक ट्रेन में कुल तीन अतिरिक्त कोच जुड़ेंगे। यह सुविधा ट्रेन संख्या 17613/17614 पनवेल-नांदेड-पनवेल एक्सप्रेस, 17629/17630 हडपसर-नांदेड-हडपसर एक्सप्रेस और 11429/11430 हडपसर-हरंगुल-हडपसर एक्सप्रेस में उपलब्ध होगी। नई संरचना लागू होने के बाद इन ट्रेनों में 2 एसी 2-टियर, 6 एसी 3-टियर, 6 स्लीपर, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, एक द्वितीय श्रेणी सिटिंग एवं लगेज-कम-गार्ड ब्रेक वैन तथा एक जनरेटर वैन सहित कुल 20 एलएचबी कोच होंगे। नांदेड-पनवेल एक्सप्रेस में नई संरचना 22 सितंबर से और पनवेल-नांदेड एक्सप्रेस में 23 सितंबर से लागू होगी। नांदेड-हडपसर एक्सप्रेस में 24 सितंबर, जबकि हडपसर-नांदेड एक्सप्रेस में 25 सितंबर से अतिरिक्त कोच जुड़ेंगे। हडपसर-हरंगुल-हडपसर एक्सप्रेस में भी 25 सितंबर से संशोधित कोच संरचना लागू होगी।
पनवेल-सूबेदारगंज स्पेशल के 10 अतिरिक्त फेरे
इसके साथ ही मध्य रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए 04104/04103 पनवेल-सूबेदारगंज-पनवेल साप्ताहिक विशेष ट्रेन की कुल 10 अतिरिक्त सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है। प्रत्येक गुरुवार चलने वाली ट्रेन संख्या 04104 पनवेल-सूबेदारगंज साप्ताहिक विशेष 22 अक्टूबर से 19 नवंबर 2026 के बीच 5 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। वहीं प्रत्येक बुधवार चलने वाली 04103 सूबेदारगंज-पनवेल विशेष 21 अक्टूबर से 18 नवंबर के बीच 5 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 04104 की विस्तारित सेवाओं के लिए आरक्षण 22 सितंबर से पीआरएस केंद्रों और IRCTC के माध्यम से शुरू होगा। अनारक्षित कोच के टिकट सामान्य शुल्क पर यूटीएस प्रणाली से लिए जा सकेंगे। यात्री टिकट बुकिंग के लिए रेलवन ऐप का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। मध्य रेल ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेनों के समय, ठहराव और अन्य बदलावों की जानकारी जांचने की अपील की है।
